रायपुर

छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से... प्रोटेम स्पीकर नए विधायकों को दिलाएंगे शपथ

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से शुरू हो रहा है। यह विशेष सत्र 19 से 21 दिसंबर तक चलेगा। तीन दिवसीय सत्र में कुल 3 बैठकें होंगी। शीतकालीन सत्र के पहले दिन नए विधायक शपथ लेंगे। प्रोटेम स्पीकर रामविचार नेताम विधानसभा के सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। विधानसभा अध्यक्ष का निर्वाचन होगा। सत्र के दूसरे दिन सुबह 11 बजे राज्यपाल का अभिभाषण होगा। 21 दिसंबर को सरकार द्वारा 11 हजार करोड़ का अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा।

विशेष सत्र के लिए विधानसभा परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है। दिल्ली में संसद में हुई घटना के बाद छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में इस बार सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्र में 500 का बल तैनात किया गया है।

बता दें कि छत्तीसगढ़ में नई सरकार बनने के बाद छठवें विधानसभा का पहला अधिवेशन मंगलवार से शुरू होने जा रहा है। इस अधिवेशन में वैसे तो सभी नए विधायकों का शपथ ग्रहण और नए अध्यक्ष का चुनाव ही महत्वपूर्ण हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार अब तक का सबसे बड़ा अनुपूरक बजट पेश होने जा रहा है, क्योंकि भाजपा को चुनावी घोषणा पत्र के कुछ चुनिंदा वादे को पूरा करना है।

छत्तीसगढ़ विधानसभा का तीन दिनों तक चलने वाला शीतकालीन सत्र शुरू हो रहा है, जिसमें करीब 11 हजार करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ के इतिहास में अब तक का यह सबसे बड़ा अनुपूरक बजट होगा।