बंगले से नहीं मंत्रालय से चलेगी सरकार... CM विष्णुदेव और उनके मंत्री नियमित बैठेंगे मंत्रालय में
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नई सरकार के गठन के साथ विकास कार्यों को गति देने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनकी कैबिनेट कमर कस चुके है। छत्तीसगढ़ सरकार अब बंगले से नहीं बल्कि महानदी भवन यानी मंत्रालय से चलेगी। नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनके मंत्री मंत्रालय में अब नियमित बैठेंगे। सूत्रों के अनुसार कैबिनेट की बैठकें भी अब मंत्रालय में होंगी, जैसा रमन सिंह सरकार में 15 साल तक होता रहा।
बता दें, पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान पांच साल मंत्रालय में वीरानगी छाई रही। कोविड से पहले इक्के-दुक्के मंत्री मंत्रालय पहुंच भी जाते थे, इसके बाद तीन साल से मंत्रालय सूना रहा। भूपेश सरकार में कैबिनेट की सिर्फ एक बैठक मंत्रालय में हुई थी। वो भी सीएम भूपेश और उनके दो मंत्री टीएस सिंहदेव और ताम्रध्वज साहू शपथ लेने के बाद सीधे मंत्रालय पहुंचकर किसानों के बोनस की फाइल पर दस्तखत किए थे। उसके बाद कैबिनेट की कोई बैठक मंत्रालय में नहीं हुई।