रायपुर

लूट की घटना को अंजाम देने वाला आरोपी गिरफ्तार… पुलिस ने लूट का माल किया बरामद

रायपुर। राजधानी के डीडी नगर थाना क्षेत्रांतर्गत डिडवानिया रेसिडेंसी हाईवे रोड पास लूट की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी दो सगे भाईयों में से एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटे गए सोने के जेवर, मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सालासार ग्रीन सरोना निवासी जोगिन्दर सिंह खटकर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 8 दिसंबर 2023 के शाम को अपनी एक्टिवा में अपनी पत्नी को पीछे बैठाकार घर से गोल चौक स्थित हॉस्पिटल जा रहा था। प्रार्थी की पत्नी अपने पास हैण्ड बैग रखी हुई थी, जिसमें सोने के जेवरात एवं मोबाईल फोन था। शाम 5.30 बजे डीडी नगर स्थित डिडवानिया रेसिडेंसी के पास हाईवे रोड में पहुंचा था कि इसी दौरान दोपहिया वाहन सवार 2 अज्ञात व्यक्ति साइज से आए और पत्नी के हाथ में रखे हैण्ड बैग को छीन कर लूट कर फरार हो गए।

मामले में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घटना के संबंध में प्रार्थी तथा उसकी पत्नी सहित आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए अज्ञात आरोपियों की पतासाजी शुरू की गई। सीसीटीवी फूजेट के आधार पर घटना में प्रयुक्त वाहन की जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने आरोपियों की पहचान न्यू राजेन्द्र नगर निवासी मनीष रोचलानी एवं उत्तम रोचलानी के रूप में की। जिस पर मनीष रोचलानी को पकड़कर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसके द्वारा अपने सगे भाई उत्तम रोचलानी के साथ मिलकर लूट की उक्त घटना को कारित करना स्वीकार किया।