रायपुर

सड़क सुरक्षा माहः 15 जनवरी से प्रदेशभर में होंगे विविध जागरूकता कार्यक्रम

रायपुर। राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में सड़क सुरक्षा माह के तहत 15 जनवरी से 14 फरवरी तक वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा की गंभीरता और चुनौतियों के बारे में जागरूक किया जाएगा। इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, नगरीय प्रशासन, परिवहन, पुलिस विभाग, एनसीसी, एनएसएस., स्काउट गाइड्स एवं स्वयंसेवी और समाजसेवी संस्थाओं तथा विभिन्न संबंधित विभागों के समन्वय और सहयोग से वाहन चालकों, विद्यार्थियों  के लिए प्रशिक्षण, कार्यशाला, सेमिनार, नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा।

यह जागरूकता अभियान सड़क दुर्घटना में होने वाली मृत्यु एवं घायलों की संख्या कम करने के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहायक होगा। सड़क सुरक्षा माह के शुभारंभ के साथ जनजागरूकता हेलमेट रैली, सड़क सुरक्षा पर प्रशिक्षण कार्यक्रम, ऑटो वाहन चालकों का प्रशिक्षण, स्वास्थ्य परीक्षण, आंखों के जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा स्कूल दिवस आयोजित किया जाएगा।

स्कूली बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए स्लोगन, निबंध, चित्रकला, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। इसके साथ ई रिक्शा वाहन चालकों का प्रशिक्षण, बस वाहन चालकों का प्रशिक्षण, गणतंत्र दिवस समारोह में सड़क सुरक्षा पर झांकी एवं बैनर, पोस्टर, फ्लैक्स, एम्बुलेंस ड्रायविंग ट्रेनिग, वाहनों का फिटनेस, रेडियम स्ट्रिप्स आदि जांच संधारण, शराब सेवन कर वाहन चालन से होने वाले नुकसान पर रैली आयोजित की जाएगी। इसी प्रकार ग्राम चौपाल में जन जागरूकता के कार्यक्रम, गंभीर सड़क दुर्घटना स्थलों के चिन्हांकन, सड़क सुरक्षा मितानों का प्रशिक्षण, युवाओं के लिये एरोबिक्स जुम्बा के माध्यम से ‘‘स्वस्थ शरीर रखे स्वस्थ मन, स्वस्थ मन रखे सुरक्षित जन‘‘ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।