अगर कोई आपसे *401# के बाद अपना मोबाइल नंबर डालने को कहे तो सावधान, आपके साथ हो सकती है साइबर धोखाधड़ी
रायपुर। दूरसंचार विभाग दुर्भावनापूर्ण इनकमिंग कॉल रोकने तथा साइबर अपराधों और धोखाधड़ी से सुरक्षा के लिए सक्रिय अभियान चला रहा है। अगर आपके मोबाइल में किसी अज्ञात व्यक्ति का काल आता है और वह कहा है कि आप *401# के पश्चात अपना मोबाइल नंबर डायल डाले तो आप सावधान हो जाइए। ऐसा करने से अज्ञात मोबाइल नंबर पर बेरोक-टोक कॉल फॉरवर्डिंग सक्रिय हो जाता है। इससे धोखाधड़ी की आशंका बढ़ जाती है।
दूरसंचार के अधिकारियों ने बताया कि धोखेबाज व्यक्ति लोगों को कॉल करता है और खुद को दूरसंचार सेवा प्रदाता का ग्राहक सेवा प्रतिनिधि या तकनीकी सहायता कर्मचारी बताता है। वह ग्राहक से कहता है कि या तो उनके सिम कार्ड में कोई समस्या है या नेटवर्क या सेवा की गुणवत्ता से संबंधित कोई समस्या है और उस समस्या को ठीक करने के लिए उन्हें एक विशिष्ट कोड डायल करना होगा। यह कोड आमतौर पर *401# से शुरू होता है और उसके बाद एक मोबाइल नंबर होता है।
ग्राहक के ऐसा करने के बाद उनके मोबाइल फोन से बेरोकटोक कॉल फॉरवर्डिंग सक्रिय हो जाती है और उनके फोन पर आने वाली सभी कॉल आदि धोखेबाज व्यक्ति के मोबाइल नंबर पर भेज दी जाती हैं। इसके बाद धोखेबाज व्यक्ति सभी इनकमिंग कॉल प्राप्त करता है और इसका इस्तेमाल धोखाधड़ी के लिए किया जा सकता है।
अधिकारियों ने कहा कि आप अपने मोबाइल फ़ोन की सेटिंग की जांच कर पता लगाएं कि कहीं कॉल फ़ॉरवर्डिंग तो चालू नहीं है तथा ऐसा होने पर तुरंत कॉल फारवर्डिंग को बंद करें। इस सुविधा का उपयोग केवल आवश्यकता होने पर ही करें।