रायपुर

राजधानी में नशीली दवाओं के सौदागरों को पुलिस ने दबोचा... अंतर्राज्यीय तस्कर नागपुर से गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में बड़ी तेजी से फल फूल रहे नशीली दवाओं का कारोबार के खिलाफ राजधानी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पंडरी के पास नशीली सिरप के साथ आरोपी मोहम्मद अहमद एवं डोमार उर्फ पिंटू को पकड़ा रंगे हाथ पकड़ा। आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने नागपुर (महाराष्ट्र) निवासी कमलेश उपाध्याय को भी गिरफ्तार कर लिया है।

मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि 10 जनवरी को पुलिस ने पंडरी बस स्टैंड के पास से प्रतिबंधित नशीली सिरप कोड़िन के साथ मोहम्मद अहमद उम्र 22 साल निवासी निजामी चौक संजय नगर थाना टिकरापारा एवं डोमार उर्फ पिंटू उम्र 24 साल निवासी संजय नगर बकरा मार्केट को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने सिरप को नागपुर (महाराष्ट्र) निवासी कमलेश उपाध्याय से खरीदना बताया।

जिसके बाद पुलिस ने नागपुर (महाराष्ट्र) पहुंचकर आरोपी कमलेश उपाध्याय के घर में दबिश दी। पूछताछ करने पर उसने मांग के आधार पर रायपुर सहित अन्य कई राज्यों में सप्लाई करना स्वीकार किया। आरोपी कमलेश के मकान की तलाशी लेने पर उसके मकान में अवैध रूप से 23 पेटी प्रतिबंधित नशीली सिरप कोडिन का भण्डारण करना पाया गया। जिसकी कीमत 5.50 लाख रुपये बताई जा रही है।