रायपुर। घरेलू गैस वितरण कंपनियों ने आज से एलपीजी सिलेंडरों की कीमत में 50 रुपए की वृद्धि का ऐलान कर दिया है। इसके बाद देश के महानगरों में एक सिलेंडर के पीछे उपभोक्ताओं को अब 1103 रुपए लगभग अदा करने होंगे। देश में 8 महीने के बाद एलपीजी की कीमतों में हुए इजाफे के बाद विपक्षों दलों ने सरकार के खिलाफ हंगामा शुरु कर दिया है।
देश के महानगरों में घरेलू सिलेंडरों के दाम आज जाकर 1100 रुपए के पार हुए हैं, जबकि रायपुर की बात की जाए, तो यहां पर मई 2022 से उपभोक्ता 1100 रुपए से ज्यादा कीमत अदा कर रहे हैं। मई 2022 में एलपीजी की कीमतों में एकमुश्त 53 रुपए का इजाफा किया गया था, तब एलपीजी की कीमत 1101 रुपए थी। इसके बाद जुलाई 2022 में 23 रुपए का इजाफा किया गया, जिसके बाद से उपभोक्ताओं को 1124 रुपए प्रति सिलेंडर के पीछे चुकाना पड़ रहा था।
बीते आठ महीनों से सिलेंडर की कीमतों में कोई भी इजाफा नहीं हुआ और फरवरी 2023 तक एक सिलेंडर के पीछे उपभोक्ताओं को 1124 रुपए ही अदा करना पड़ रहा था, पर आज से नई कीमतें लागू कर दी गईं हैं। इसके मुताबिक रायपुर में एलपीजी उपभोक्ताओं को अब एक सिलेंडर के पीछे 1174 रुपए का भुगतान करना होगा।