रायपुर

दो से तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सो में होगी बारिश, रायपुर में भी बदलेगा मौसम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी से लोगों को फिलहाल राहत मिलती दिख रही है। मौसम विभाग ने अगले 2 से 3 दिनों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं भी चलेगी, इससे प्रदेश का तापमान लगभग 3 से 4 डिग्री नीचे आ सकता है। 14 मई के बाद मौसम फिर से साफ होगा और तापमान में बढ़ोतरी होगी।

मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि आने वाले दो से तीन दिनों में मौसम में फिर परिवर्तन देखने मिलेगा। दो से तीन दिनों में गरज चमक के साथ अंधड़ चलने की संभावना भी है। बस्तर संभाग के कई जिलों में बादल छाये रहने की स्थिति देखने मिल सकती है।

उत्तर पश्चिम में द्रोणिका स्थित होने के चलते मौसम में परिवर्तन आएगा। मौसम वैज्ञानिक अगापित एक्का का कहना है कि आज भी राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में गरज चमक के साथ आंधी चलने की संभावना व्यक्त की गई है। वही इन तेज हवाओं के चलते लोगों को आज भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार के लिए आंधी का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आंधी के बाद हल्की बारिश भी हो सकती है। इसकी वजह से तापमान अगले तीन दिनों तक 40 डिग्री से ऊपर जाने की संभावना लगभग नहीं है। अगले हफ्ते से गर्मी बढ़ने लगेगी। साथ ही वीकेंड तक लू चलने की संभावना भी है।

पूर्वानुमान के अनुसार सामान्य तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रह सकती है। आंधी के बाद हल्की बारिश की संभावना भी है। अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री तक रह सकता है। 12 मई को भी बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश होगी। रात के समय आंधी आने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। अधिकतम तापमान कम होकर 37 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री तक रह सकता है। 13 मई को हल्की बारिश की संभावना भी है। अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री तक रह सकता है। 14 मई से मौसम साफ होने की उम्मीद है | अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रह सकता है। इसके बाद 15 और 16 मई को आसमान साफ रहेगा।