रायपुर

क्रिप्टो करेंसी में अधिक पैसा कमाने का झांसा देकर लाखों रूपये की ठगी.. आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। क्रिप्टो करेंसी में अधिक पैसे कमाने का झांसा देकर 30 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को राजधानी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने क्रिप्टो करेंसी में पैसा लगाने और प्रतिमाह 10 प्रतिशत मासिक लाभ मिलने की बात कहकर पीड़ित को झांसे में लिया था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित सुशांत कुमार ने थाना मुजगहन में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह अविवा ग्रीन सिटी मुजगहन रायपुर का निवासी है। प्रार्थी का अपने एक परिचित के माध्यम से पूर्व में अमित कुमार थापा निवासी कांटाभांझी से परिचय हुआ था, उस समय अमित कुमार थापा के साथ उसके अन्य साथी भी थे। अमित कुमार थापा व उसके अन्य साथियों ने प्रार्थी को बिजनेस क्रिप्टो करेंसी का प्लान दिखाया और बताये कि उनके अन्य साथी मेसर्स एमबीई कामर्स प्रायवेट लिमिटेड कंपनी चलाते है, जिसका पता शॉप नंबर 254/ए अवध वाइस राय सार्थना जटकनका सुरत गुजरात है। उसमें प्रत्येक माह जो पैसा जमा करोगे उसका 10 प्रतिशत मासिक लाभ मिलता रहेगा। जिस पर प्रार्थी उनके झांसे में आकर उनके बतायेनुसार अलग - अलग खातों, तिथियों व किश्तों में कुल तीस लाख रूपये जमा कर दिया।

प्रार्थी द्वारा अपना पैसा वापस मांगने पर अमित कुमार थापा व अन्य द्वारा पैसा आज - कल आ जायेगा कहकर टाल मटोल करते रहे, परंतु पैसा वापस नहीं दिये। इस प्रकार आरोपियों द्वारा प्रार्थी को अपने झांसे में लेकर अधिक पैसे मिलने का प्रलोभन देकर तीस लाख रूपये की ठगी कर धोखाधड़ी किया। जिस पर आरोपियों के विरूद्ध थाना मुजगहन में अपराध क्रमांक 143/24 धारा 420, 34 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।

पुलिस की जांच टीम के सदस्यों ने आरोपियों के संबंध में तकनीकी विश्लेषण करने के साथ ही अन्य माध्यमों से भी आरोपियों की पतासाजी की जा रहीं थी। इसी दौरान घटना में संलिप्त आरोपी अमित कुमार थापा की उपस्थिति के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई, जिस पर टीम के सदस्यों आरोपी अमित कुमार थापा को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।  पूछताछ में आरोपी द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ठगी की उक्त घटना को अंजाम देना बताया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरूद्ध कार्यवाही किया गया।  प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपियों की पतासाजी कर गिरफ्तार करने के हर संभव प्रयास किये जा रहे है।