दिव्य महाराष्ट्र मंडल

अधिक समय नहीं, स्मार्ट स्टडी, नियमित रिवीजन और लेखन की शैली दिलाएगी सफलताः मनीष

रायपुर। राजधानी स्थित वाधवा सेंकडरी स्कूल में 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को परीक्षा के बेहतर तैयारी  कराने के उद्देश्य से स्कूल प्रबंधन द्वारा प्रेरणादायी और मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बच्चों का मार्गदर्शन करने के लिए महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित संत ज्ञानेश्वर विद्यालय के प्राचार्य मनीष गोवर्धन पहुंचे थे।  उन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा की बेहतर तैयारी, प्रभावी रिवीजन तथा उत्तर लेखन की सही तकनीक से अवगत कराया। वहीं संत ज्ञानेश्वर विद्यालय के उपप्राचार्य राहुल वोड़ितेलवार ने भी बच्चों का मार्गदर्शन किया।

मनीष गोवर्धन ने 11वीं और 12वीं के बच्चों को बताया कि केवल अधिक समय तक पढ़ना ही सफलता का आधार नहीं है, बल्कि स्मार्ट स्टडी, नियमित रिवीजन, विषय की समझ और परीक्षा में उत्तर लिखने की सही शैली भी अपना महत्व रखती है। उन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा में प्रश्नों को ध्यानपूर्वक पढ़ने, समय के अनुसार उत्तर लिखने तथा अपने ज्ञान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के उपयोगी टिप्स दिए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने सहज एवं उपयोगी तरीके से समाधान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं के लिए मानसिक रूप से तैयार करने के साथ-साथ उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना था।

उप प्राचार्य राहुल वोडितेलवार ने विद्यार्थियों को कठिन परिस्थितियों में भी सकारात्मक सोच बनाए रखने तथा अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया। उनके प्रेरणादायी संवाद से विद्यार्थियों में उत्साह एवं आत्मविश्वास का संचार हुआ। विद्यालय परिवार ने दोनों वक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे मार्गदर्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।