रायपुर नगर निगम का बजट 21 मार्च को होगा पेश... पूर्व के बजट को लेकर हंगामे के भरपूर आसार
2023-03-16 04:55 PM
110
रायपुर। नगर पालिका निगम रायपुर का बजट 21 मार्च को पेश किया जाएगा। सभापति प्रमोद दुबे के आदेश पर 21 मार्च को सामान्य सभा की बैठक आहूत की गई है। सुबह 11 बजे निगम की सामानय सभा शुरु होगी, पहले एक घंटे का प्रश्नकाल होगा, जिसके पश्चात महापौर एजाज ढ़ेबर वित्तीय वर्ष 2023—24 का वित्तीय लेखा—जोखा प्रस्तुत करेंगे। इससे पहले महापौर ढ़ेबर ने साल 2022—23 के लिए 1474 करोड़ 24 लाख का बजट पेश किया था, जो करीब 90 लाख 74 हजार घाटे का था। इस बजट में महापौर ने कई नई घोषणाएं की थीं, जो पूरा नहीं हो पाया, लिहाजा विपक्ष इस बार कहीं ज्यादा हमलावर नजर आने वाला है।
इन मुद्दों पर रहेगी नजर
रायपुर नगर निगम में महापौर एजाज ढेबर वित्तीय वर्ष 2023—24 पेश करेंगे। बीते वित्तीय वर्ष के मुकाबले इस बार का बजट 1500 करोड़ के पार होना तय माना जा रहा है, लेकिन घाटा कितने का पेश करेंगे, इस पर विपक्ष की नजर रहेगी। इसके अलावा रायपुर शहर के विकास और अधोसंरचना के लिए मुख्यमंत्री ने रायपुर नगर निगम को 60 करोड़ प्रस्तावित किया है, उसे किस तरह उपयोग में लाए जाने की तैयारी की जा रही है, यह बड़ा विषय होगा। साथ ही बीते वर्ष में की गई घोषणाओं में कितने पुरे हुए, कितने लंबित हैं सहित जानकारियों पर भी विपक्ष की नजर होगी।
इन मसलों पर घेरने की तैयारी
रायपुर नगर निगम में बजट के दौरान महापौर को घेरने की पूरी तैयारी के साथ विपक्ष हमलावर रहने वाली है। बीते वित्तीय वर्ष का जो लेखा जोखा महापौर ने पेश किया था, उनमें से ज्यादातर घोषणाओं पर काम शुरु नहीं हो पाया है, तो वहीं शहर में सड़कों की बदहाल स्थिति, सौंदर्यीकरण के नाम पर खर्च की गई राशि और संधारण के अभाव का लेकर बदत्तर हो रही स्थिति पर नगरीय सरकार को घेरने की रणनीति के साथ विपक्ष उतरेगी।
इसके उपरांत महापौर एजाज ढेबर नगर निगम का वित्तीय वर्ष 2023- 24 का बजट निगम सदन के समक्ष सभापति के आदेशानुसार प्रस्तुत करेंगे। महापौर एजाज ढेबर निगम बजट पर अभिभाषण प्रस्तुत करेंगे। जिसके बाद निगम सामान्य सभा की बैठक में नगर निगम के वार्षिक बजट सहित नगर निगम की मेयर इन काउंसिल ( एमआईसी) द्वारा नियमानुसार लिये गये संकल्प पर निर्धारित एजेंडों पर चर्चा एवं विचार – विमर्श किया जायेगा।