खेल

T20 World Cup 2026 में भारत और साउथ अफ्रीका की भिड़ंत आज

डेस्क। भारत और श्रीलंका की मेजबानी में आयोजित टी20 विश्वकप में सुपर-8 स्टेज की शुरुआत हो चुकी है। शनिवार को पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच मैच बारिश के चलते रद्द कर दिया गया और दोनों टीमों को 1-1 अंक से संतुष्ट होना पड़ा। अब आज सुपर-8 स्टेज में दो मुकाबले खेले जाएंगे। दिन के पहले मुकाबले में श्रीलंका और इंग्लैंड आमने-सामने होंगे। जबकि दूसरे मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम और पिछले साल की रनर-अप साउथ अफ्रीका की भिड़ंत होगी।

बता दें कि भारतीय टीम और साउथ अफ्रीका के बीच कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है। दोनों टीमें ग्रुप स्टेज में अजेय रहीं, लेकिन अब असली चुनौती नॉकआउट जैसी परिस्थितियों में खुद को साबित करने की है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आज शाम 7 बजे से शुरू होने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच भी जबरदस्त टक्कर देखने को मिलेगी, जो मैच का नतीजा तय कर सकती है। मुकाबले से पहले आइए पिच रिपोर्ट, टी20I में दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11 और लाइव प्रसारण की डिटेल्स समेत मैच से जुड़ी अहम अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का मौजूदा प्रदर्शन सवालों के घेरे में है। टी-20 वर्ल्ड कप में अब तक खेले गए तीन मुकाबलों में वह अपना खाता भी नहीं खोल सके हैं, जिससे उनकी फॉर्म को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

हालांकि टीम मैनेजमेंट और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उन पर पूरा भरोसा जताया है। शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार यादव ने साफ तौर पर अभिषेक का समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें खिलाड़ी की क्षमता पर पूरा विश्वास है।

कप्तान ने कहा, “मुझे उन लोगों की चिंता है जो अभिषेक शर्मा को लेकर चिंतित हैं। मुझे ज्यादा फिक्र उन टीमों की है, जिन्हें आगे जाकर उसका सामना करना पड़ेगा। उसने पिछले साल टीम के लिए सब कुछ किया था, अब हमारी बारी है कि हम उसका साथ दें।सूर्यकुमार के इस बयान से साफ है कि टीम प्रबंधन युवा बल्लेबाज के साथ मजबूती से खड़ा है और उन्हें जल्द ही बड़ी पारी खेलने की उम्मीद है।

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम के लिए ईशान किशन और वरुण चक्रवर्ती शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। ईशान किशन ने 4 मैचों में 176 रन बनाए हैं, जिसमें 77 रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा है। उन्होंने टीम को मजबूत शुरुआत देने में अहम भूमिका निभाई है। वहीं स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने गेंदबाजी में प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 4 मुकाबलों में 9 विकेट अपने नाम किए हैं। उनकी सटीक लाइन-लेंथ और विविधता विपक्षी बल्लेबाजों के लिए चुनौती बन रही है।