छत्तीसगढ़

CG CRIME : जवांरा विसर्जन के दौरान... चाकू से गोदकर किशोरी की हत्या... छोटी बहन पर भी किया वार... आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में गुरुवार को जवांरा विसर्जन देखने गई एक किशोरी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। मृतिका के साथ उसकी छोटी बहन भी थी, जिसने बीच बचाव करने की कोशिश की, तो सिरफिरे युवक ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई है। उसे उपचार के लिए अस्पताल दाखिल किया गया है। 

पूरा मामला भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र का है, जहां रामनवमी को जवांरा विसर्जन हो रहा था। इसी विसर्जन में एक 16 वर्षीय किशोरी अपनी छोटी बहन के साथ पहुंची हुई थी। उसी बीच नशे में धुत महेश यादव मौके पर पहुंचा और उसने किशोरी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बड़ी बहन पर हमला होते देख, छोटी बहन बचाव के लिए आगे आई, लेकिन सिरफिरे महेश यादव ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। इस वारदात में बड़ी बहन की मौत हो गई, तो छोटी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल दाखिल किया गया है। 

इस पूरे मामले को लेकर जो बात सामने आई है, उसके मुताबिक महेश यादव को शक था कि किशोरी किसी और के प्यार में फंस गई है। उसने किशोरी को मिलने के लिए बुलाया था, लेकिन उसने इंकार कर दिया था। जिसके चलते महेश यादव ने वारदात से पहले जमकर शराब का सेवन किया, इसके बाद वह किशोरी की हत्या की नीयत से वहां पहुंचा, जहां पर उसने वारदात को अंजाम दिया। 

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सुपेला स्कूल की छत पर जा कर सो गया था। इधर पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। खबर मिलते ही पुलिस ने स्कूल की छत में छिपे महेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही वह जेल से छूटकर बाहर आया था। उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले चल रहे हैं।