छत्तीसगढ़

गरियाबंद में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई

गरियाबंद. छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सरकारी वनभूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर हमले का मामला सामने आया है. उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के करका जंगल में सरकारी वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने पहुंची टीम पर अतिक्रमणकारियों ने हमला कर दिया. इस कार्रवाई में महिला वनकर्मियों समेत 400 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहे.

अतिक्रमणकारियों के हमले में खल्लारी थाना प्रभारी टुमनलाल डडसेना, महिला वनरक्षक परमेश्वरी और ललिता के अलावा सुरक्षा श्रमिक यज्ञ मालती चोटिल हुई हैं. पूरा मामला आरसीकन्हार रेंज का है. वन अमले ने इसकी शिकायत खल्लारी थाना क्षेत्र में की है.

जानकारी के मुताबिक, अतिक्रमण को हटाने के लिए वन विभाग और पुलिस की टीम महादनी के उद्गम स्थल क्षेत्र करका गांव के जंगल पहुंचे. यहां कार्रवाई के दौरान लोगों ने विरोध जताते हुए बहस शुरू कर दी. देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. अतिक्रमणकारियों ने आजगनी की कोशिश और पुलिस टीआई के साथ महिला वनकर्मी पर हमला किया. 

घटना की पुष्टि करते हुए उपनिदेशक वरुण जैन ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों श्याम लाल (55 वर्ष), देवलाल नेताम (40 वर्ष) और योगेश कुमार (28 वर्ष) को अतिक्रमण के आरोप में हिरासत में लिया गया है. उनके खिलाफ वन्य अपराध अधिनियम के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया जाएगा.

वन विभाग के अनुसार, पिछले करीब एक दशक में इस क्षेत्र में लगभग सवा लाख पेड़ों की कटाई और नुकसान हुआ है. वहीं 102.45 हेक्टेयर आरक्षित वनभूमि पर अतिक्रमण कर लिया गया था. इस खुलासे ने जंगलों की सुरक्षा और वनभूमि पर अवैध कब्जे को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. 

बुधवार को वन विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़े अभियान के तहत करका क्षेत्र की अतिक्रमित वनभूमि को कब्जे से मुक्त कराने की कार्रवाई की. इस अभियान में 400 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहे. संयुक्त टीम की मौजूदगी में वनभूमि से अतिक्रमण हटाया गया.

वन विभाग के सर्वेक्षण के मुताबिक, करका क्षेत्र में वर्ष 2016 के दौरान करीब 22 हेक्टेयर वनभूमि पर अतिक्रमण था, जो वर्ष 2026 तक बढ़कर लगभग 102.45 हेक्टेयर हो गया. इस स्थिति का आकलन पुराने सैटेलाइट चित्रों, इसरो की इमेजरी और GPS आधारित ड्रोन सर्वेक्षण के जरिए किया गया है. 
 

विभागीय आकलन में करीब 1.25 लाख पेड़ों की कटाई या क्षति का अनुमान सामने आया है. पेड़ों को नुकसान पहुंचाने के लिए गर्डलिंग यानी तने की छाल को चारों ओर से हटाकर उन्हें धीरे-धीरे सुखाने की प्रक्रिया भी सामने आई है.