BREAKING NEWS : छत्तीसगढ़ में दंपति ने... दो बच्चों के साथ लगाई फांसी... पेड़ पर लटकते मिली चारों की लाश
2023-04-02 12:02 PM
400
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बगीचा से बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है, जहां पर एक दंपति ने अपने दोनों बच्चों के साथ फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। चारों की लाश एक पेड़ पर लटकते हुए मिली, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को इस मामले की सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सामने चारों के शव को नीचे उतार लिया है और पंचनामा कार्रवाई के बाद आगे की जांच शुरु की जा रही है। पुलिस ने ग्रामीणों से इस मामले को लेकर पूछताछ की है, जिसमें इस बात की जानकारी सामने आई है कि एक दिन पहले तक परिवार को सामान्य हालत में गांव में देखा गया था, लेकिन अचानक सुबह उनकी लाश पेड़ पर लटकते मिलने के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
सामने आ रही जानकारी के मुताबिक फांसी पर लटककर खुदकुशी करने वाला परिवार पहाड़ी कोरवा जनजाति समूह का है, जो कि विशेष संरक्षित जनजाति कहलाता है। इस परिवार ने खुदकुशी क्यों की, इस बारे में कोई भी जानकारी सामने नहीं आ पा रही है, वहीं पूरे परिवार की खुदकुशी को लेकर शासन-प्रशासन भी सकते में आ गया है।
बताया जा रहा है कि पति और पत्नी दोनो मजदूरी करते थे और इसी से उनका जीवनयापन हो रहा था। आशंका व्यक्त की जा रही कि पहले दोनों बच्चों को फंदे पर लटकाया गया, जिसके बाद पति और पत्नी ने फांसी पर लटककर अपनी जान दी है। हालांकि इस पूरे मामले को लेकर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है, वहीं इसकी जानकारी राज्य शासन को भेज दी गई है।