केदारनाथ धाम में बर्फबारी का दौर शुरू, बर्फ की सफेद चादर से ढका मंदिर
डेस्क। उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में शीतकालीन बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। धाम और आसपास की ऊंची पहाड़ियों पर बर्फ गिरने से पूरा क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर में ढकने लगा है। बर्फबारी के बाद यहां का नजारा बेहद खूबसूरत हो गया है।
केदारनाथ धाम में तापमान लगातार गिर रहा है और ठंड का असर भी बढ़ने लगा है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से पूरे क्षेत्र में सर्द हवाएं चल रही हैं। वहीं, बर्फबारी के चलते केदारनाथ धाम का प्राकृतिक सौंदर्य और भी मनमोहक नजर आ रहा है। पहाड़ों पर जमी बर्फ के बीच मंदिर परिसर का नजारा श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
शीतकाल के चलते केदारनाथ धाम के कपाट बंद हैं और बाबा केदार की शीतकालीन पूजा निर्धारित शीतकालीन गद्दीस्थल पर की जा रही है। बर्फबारी के बीच धाम की खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी आकर्षण का केंद्र बन रही हैं।