छत्तीसगढ़

चार महीने से नहीं मिली मानदेय की राशि, मितानिनों के सामने आर्थिक संकट

राजनांदगांव।  छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में चार माह से मानदेय नहीं मिलने के मामले को लेकर मितानिन कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र मानदेय देने की मांग की है।

मितानिन सुजाता बेलेकर ने कहा कि चार माह से मानदेय नहीं मिलने की वजह से घर की आर्थिक स्थिति बिगड़ी हुई है । बच्चों के स्कूल फीस देने के लिए भी पैसे नहीं है। उन्होंने शासन से मांग की है कि जल्द से जल्द मितानिनों को लंबित मानदेय का भुगतान किया जाए।

मितानिनों ने अपने ज्ञापन के माध्यम से कहा है कि शहरी कार्यक्रम की मितानिन को अप्रैल माह से अबतक प्रोत्साहन राशि नहीं मिली है। इससे पहले भी ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है लेकिन अब तक राशि नहीं मिली है, जिसको लेकर काफी समस्या हो रही है । मितानिनों ने शासन से अपील की है कि मानदेय की राशि शीघ्र दिया जाए ।