बिलासपुर। बारिश के मौसम में शहर में जलभराव की समस्या हर साल लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन जाती है। कई क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर जाने से यातायात प्रभावित होता है और आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है। इसी स्थिति को देखते हुए इस बार नगर निगम प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने जानकारी देते हुए बताया कि निगम क्षेत्र में स्थित सभी बड़े नालों, छोटे नालों तथा नालियों की लगातार सफाई कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि बारिश शुरू होने से पहले एक चरण की सफाई पूरी की जा चुकी है और अब दोबारा सफाई अभियान चलाया जा रहा है ताकि कहीं भी जल निकासी में बाधा उत्पन्न न हो। आयुक्त के अनुसार जलभराव की संभावित समस्या वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। निगम की टीम नियमित रूप से नालों और नालियों का निरीक्षण कर रही है तथा जहां जरूरत पड़ रही है वहां अतिरिक्त संसाधन लगाकर सफाई कार्य कराया जा रहा है।नगर निगम प्रशासन ने बारिश के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेषज्ञ टीम भी तैयार रखी है।
यदि भारी वर्षा के कारण कहीं जलभराव की स्थिति बनती है तो टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर पानी निकासी और राहत कार्य करेगी ताकि शहरवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। हर वर्ष बारिश के दिनों में जलभराव के कारण कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित होता रहा है। ऐसे में इस बार नगर निगम द्वारा की जा रही तैयारियां कितनी कारगर साबित होती हैं और प्रशासन शहर को जलभराव से बचाने में कितना सफल रहता है इस पर शहरवासियों की नजर बनी हुई है।