छत्तीसगढ़

NEET UG 2026: रायपुर-दुर्ग के छात्रों के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा, चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

रायपुर। नीट री एग्जाम की परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए यह अच्छी खबर है। परीक्षा केंद्र तक पहुंचने की उनकी टेंशन अब खत्म हो गई है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने परीक्षार्थियों के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब सेंटर तक पहुंचने के लिए आपको ट्रेनों की भीड़ में धक्का नहीं खाना पड़ेगा।

रेलवे ने परीक्षार्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए कोरबा-दुर्ग के बीच स्पेशल मेमू पैसेंजर ट्रेन चलाने का ऐलान किया है। ये ट्रेनें 20 और 21 जून को चलेंगी। ये ट्रेनें चांपा, जांजगीर-नैला, अकलतरा, बिलासपुर, भाटापारा और तिल्दा-नेवरा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए जाएंगी। अगर आप कोरबा या बिलासपुर तरफ से आ रहे हैं, तो ये ट्रेन आपके लिए सबसे सही विकल्प है।

सिर्फ स्पेशल ट्रेनें ही नहीं, रेलवे ने हसदेव एक्सप्रेस को लेकर भी राहत दी है। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए 21 जून को हसदेव एक्सप्रेस को अस्थायी रूप से दुर्ग तक बढ़ाया गया है। जो ट्रेन पहले रायपुर आकर रुक जाती थी, वो अब आगे दुर्ग तक जाएगी। इससे भिलाई और दुर्ग में सेंटर पाने वाले छात्रों को काफी मदद मिलेगी।

अक्सर देखा गया है कि परीक्षा के दिनों में ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं होती। इसे देखते हुए रेलवे ने 10 प्रमुख ट्रेनों में 40 अतिरिक्त जनरल कोच लगाने का फैसला किया है। बिलासपुर-रीवा एक्सप्रेस और टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में भी ये कोच जोड़े जा रहे हैं।

लवे ने साफ कहा है कि यात्रियों की सुविधा के लिए पूरी तैयारी है। आप घर से निकलने से पहले एक बार ट्रेन की सही टाइमिंग जरूर चेक कर लें।

वेबसाइट: www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाकर अपनी ट्रेन का शेड्यूल देखें।

समय: परीक्षा 21 जून को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक है, इसलिए कोशिश करें कि सेंटर पर समय से पहले पहुंच जाएं।

अपने माता-पिता के साथ आराम से सफर करें और परीक्षा पर फोकस करें। रेलवे की ये स्पेशल व्यवस्था आपको आखिरी वक्त की भागदौड़ से बचा लेगी।