खपरीकला में जनता के बीच पहुंचे सांसद बृजमोहन, माइक लेकर पूछा- योजनाओं का लाभ मिल रहा है कि नहीं?
रायपुर। सांसद बृजमोहन अग्रवाल रायपुर लोकसभा क्षेत्र के विकासखंड तिल्दा (नेवरा) अंतर्गत ग्राम खपरीकला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित विशेष जनसंपर्क अभियान में मंत्री टंक राम वर्मा के साथ शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ग्रामवासियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि लोकसभा क्षेत्र की सभी नौ विधानसभाओं में एक-एक गांव जाकर मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जनता के बीच रखने का निर्णय लिया गया है। खपरीकला इस अभियान का नौवां गांव है।
कार्यक्रम के दौरान सांसद मंच तक सीमित नहीं रहे बल्कि स्वयं माइक लेकर जनता के बीच पहुंचे और सीधे ग्रामीणों से पूछा कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास, महतारी वंदन योजना, जल जीवन मिशन, शौचालय निर्माण, गैस कनेक्शन और अन्य योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। ग्रामीणों ने एक स्वर में योजनाओं का लाभ मिलने की पुष्टि की।
सांसद ने सरपंच से चर्चा करते हुए बताया कि खपरीकला में 120 प्रधानमंत्री आवास बन चुके हैं तथा 387 नए आवास स्वीकृत हुए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी जी का सपना है कि कोई भी गरीब परिवार बिना पक्के घर के न रहे। हर घर में शौचालय, नल, बिजली और गैस कनेक्शन पहुंचे, इसके लिए लगातार काम हो रहा है।
महिलाओं से संवाद करते हुए उन्होंने महतारी वंदन योजना का उल्लेख किया और पूछा कि एक हजार रुपये प्रति माह मिल रहे हैं या नहीं। महिलाओं ने योजना का लाभ मिलने की पुष्टि की। सांसद ने कहा कि यह योजना माताओं-बहनों के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बनी है।
किसानों से चर्चा करते हुए सांसद ने धान खरीदी और किसानों को मिल रहे लाभों पर बात की। उन्होंने कहा कि किसान, गरीब, मजदूर, नौजवान और महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुआ है।
जल जीवन मिशन की चर्चा करते हुए सांसद स्वयं बच्चों के बीच पहुंचे और पूछा कि घर में नल लगा है या नहीं। बच्चों ने नल लगने की जानकारी दी। सांसद ने कहा कि अब बेटियों को पानी भरने के लिए दूर नहीं जाना पड़ता और वे अपनी पढ़ाई पर ध्यान दे सकती हैं।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत घर-घर शौचालय निर्माण से महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। साथ ही सड़क, बिजली, पानी, स्कूल, कॉलेज और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों का विकास तेजी से हुआ है।