नकली सोने की माला बेचकर 3.05 लाख की ठगी, गोल्ड लोन लेकर जुटाई रकम
2026-06-27 08:17 AM
34
बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र में नकली सोने की माला को असली बताकर एक व्यापारी से 3 लाख 5 हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले भरोसा जीतने के लिए असली सोने का छोटा टुकड़ा दिखाया और बाद में नकली माला बेचकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, बंधवापारा निवासी अनिल विश्वकर्मा अपने घर में जनरल स्टोर चलाते हैं। करीब एक सप्ताह पहले दो अज्ञात युवक उनके घर पहुंचे और चांदी का सिक्का दिखाकर बातचीत शुरू की। इसी दौरान उन्होंने घर में रखे एक सोने के आभूषण के चित्र को देखकर कहा कि उनके पास भी ऐसी ही सोने की माला है।
जिसे वे बेचना चाहते हैं। दो दिन बाद दोनों युवक दोबारा अनिल विश्वकर्मा के घर पहुंचे और एक थैले में माला दिखाकर उसे असली बताया। विश्वास कायम करने के लिए उन्होंने माला का एक छोटा टुकड़ा जांच के लिए दिया। व्यापारी ने वह टुकड़ा सकरी के पुराने बाजार स्थित एक सोनार से जांच कराया, जहां उसे असली सोना बताया गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच सौदा तय हुआ। 16 जून को आरोपियों ने पुराने बस स्टैंड पर माला बेचने की बात कही और लगभग 10 लाख रुपये का सौदा तय किया, लेकिन व्यापारी ने इतनी राशि एक साथ देने में असमर्थता जताई। इस पर आरोपियों ने जितनी रकम उपलब्ध हो सके, उतनी लेकर आने को कहा।
माला खरीदने के लालच में व्यापारी अनिल विश्वकर्मा ने अपनी पत्नी के गहने गिरवी रखकर और गोल्ड लोन लेकर कुल 3 लाख 5 हजार रुपये की व्यवस्था की। 23 जून की सुबह दोनों आरोपी उनके घर पहुंचे और रुपये लेकर माला सौंपकर फरार हो गए। कुछ समय बाद व्यापारी जब माला की दोबारा जांच कराने पुराने बाजार स्थित उसी सोनार के पास पहुंचे, तो पता चला कि पूरी माला नकली है। यह सुनकर उनके होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन दोनों के मोबाइल नंबर बंद मिले। इसके बाद पीड़ित ने सकरी थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से पहले असली सोने का छोटा टुकड़ा देकर भरोसा बनाया और फिर नकली माला देकर ठगी को अंजाम दिया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय व्यापारियों में इस घटना के बाद चिंता का माहौल है। लोगों ने पुलिस से ऐसे गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में किसी अन्य व्यापारी को इस तरह की ठगी का शिकार न होना पड़े।