छत्तीसगढ़

भाजपा केंद्रीय संगठन ने सांसद रूपकुमारी चौधरी को दी बड़ी जिम्मेदारी, दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया की कमान

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने 17 अगस्त 2026 को नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा कर दी। जारी नियुक्ति सूची में कुछ अनुभवी नेताओं के साथ नए चेहरों को भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। नितिन नबीन की नई टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। उनके अलावा विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, डॉ. सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को भी राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।

नई टीम में छत्तीसगढ़ के लिए खास बात यह है कि भाजपा नेता दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही नई टीम में भाजपा के विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों की भी घोषणा की गई है। युवा मोर्चा की जिम्मेदारी गुजरात के डॉ. हेमांग जोशी को, महिला मोर्चा की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ की रूप कुमारी चौधरी को, ओबीसी मोर्चा की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश के अमरपाल मौर्य को और किसान मोर्चा की जिम्मेदारी मध्य प्रदेश के बंसीलाल गुर्जर को दी गई है। इसके अलावा एससी मोर्चा के अध्यक्ष बिहार के शिवेश कुमार राम, एसटी मोर्चा के अध्यक्ष राजस्थान के डॉ. मन्नालाल रावत और अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष उत्तर प्रदेश के कुंवर बासित अली बनाए गए हैं।

भाजपा ने राष्ट्रीय मीडिया संयोजक के तौर पर उत्तराखंड के अजीत बलूनी को जिम्मेदारी दी है। मीडिया सह-संयोजक के रूप में मध्य प्रदेश के आशीष उपाध्याय, दिल्ली के प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को नियुक्त किया गया है। वहीं सोशल मीडिया संयोजक के तौर पर छत्तीसगढ़ के दीपक म्हस्के को जिम्मेदारी मिली है। उनके साथ महाराष्ट्र की प्रीति गांधी, दिल्ली के शिवानंद द्विवेदी, उत्तराखंड के आलोक भट्ट और हरियाणा के अरुण यादव को सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है।