छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के योगेश ने केबीसी में जीते 50 लाख... IAS बनने के लिए छोड़ी थी नौकरी

रायपुर। कौन बनेगा करोड़पति में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के सवालों का जवाब देते हुए बलौदाबाजार जिले के 23 वर्षीय योगेश साहू ने 50 लाख रुपये जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। योगेश ने 1 करोड़ रुपये के सवाल का जवाब देने के बजाय गेम क्विट करने का फैसला किया। ग्राम टेहका निवासी योगेश साहू की इस उपलब्धि से उनके परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। मुंबई से लौटने के बाद रेलवे स्टेशन पर लोगों ने उनका स्वागत किया और उनकी सफलता पर बधाई दी।

योगेश IIT Bombay में पढ़ाई कर चुके हैं और पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने IIT में पहले ही प्रयास में प्रवेश हासिल किया था। कैंपस प्लेसमेंट के दौरान उन्हें करीब 1.5 लाख रुपये प्रतिमाह की नौकरी मिली थी, लेकिन IAS बनने के अपने सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने नौकरी छोड़ने का फैसला किया।

योगेश साहू का लक्ष्य UPSC की परीक्षा पास कर IAS अधिकारी बनना है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए वह नौकरी छोड़कर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। KBC में 50 लाख रुपये जीतने के बाद उनकी मेहनत और संघर्ष की कहानी चर्चा में है। योगेश के पिता गयाराम साहू महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल रमेश बैस के ड्राइवर हैं। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाले योगेश ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर शिक्षा और अब KBC में बड़ी उपलब्धि हासिल की है।