छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में मानसून रहेगा सक्रिय, भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय है और अगले कुछ दिनों तक बारिश से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। मौसम विभाग ने उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है।

बीते 24 घंटों में प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। राजपुर और बिहारपुर में सबसे ज्यादा 4 सेंटीमीटर, डोंगरगढ़ में 3 सेंटीमीटर और जनकपुर-भरतपुर, दुर्ग समेत कई इलाकों में 2 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास बना निम्न दबाव का क्षेत्र अभी भी सक्रिय है। इसके असर से प्रदेश में बारिश का दौर बना हुआ है।मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों तक उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है।

22 अगस्त को एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है, अगले दो दिनों के बाद भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी।मौसम विभाग ने लोगों से बारिश और गरज-चमक के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। खासकर खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। यानी छत्तीसगढ़ में मानसून का असर अभी जारी रहेगा और आने वाले दिनों में कई इलाकों में तेज बारिश देखने को मिल सकती है।