छत्तीसगढ़

न्यू होराइजन डेंटल कॉलेज का लिटिल एंगल्स कॉन्वेंट स्कूल में डेंटल कैम्प, 285 बच्चों और स्टाफ की हुई जाँच.

बिलासपुर। बच्चों में दांतों से जुड़ी समस्याओं की समय पर पहचान और ओरल हेल्थ को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से न्यू होराइजन डेंटल कॉलेज और लिटिल एंगल्स कॉन्वेंट स्कूल, यदुनंदन नगर की ओर से डेंटल स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किया गया। कैंप में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने स्कूल के 285 बच्चों और स्टाफ की दांतों और मुंह से जुड़ी समस्याओं की जांच की।

यह कैंप न्यू होराइजन डेंटल कॉलेज के चेयरमैन श्री प्रकाश दावड़ा, सेक्रेटरी श्री अशोक अग्रवाल और डीन डॉ. राणा के. वर्गीस के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कैंप के दौरान पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री विभाग की फैकल्टी ने बच्चों और स्कूल शिक्षकों को दांतों की नियमित देखभाल और ओरल हाइजीन के महत्व की जानकारी दी।

विशेषज्ञों ने बच्चों को सही तरीके से ब्रश करने की तकनीक, दिन में कितनी बार ब्रश करना चाहिए, खान-पान में किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है और मीठे खाद्य पदार्थों के अधिक सेवन से होने वाली दांतों की समस्याओं के बारे में जागरूक किया। बच्चों को नियमित डेंटल चेकअप कराने और शुरुआत में ही दांतों की समस्या का उपचार कराने की सलाह भी दी गई।

स्क्रीनिंग के दौरान डॉ. विनी, डॉ. निखिल, डॉ. पीयूषी, डॉ. प्रगति और डॉ. मुस्कान ने बच्चों और स्टाफ की जांच की। जांच में सबसे ज्यादा मामले डेंटल कैविटी यानी दांतों में सड़न के सामने आए। विशेषज्ञों ने बच्चों को कैविटी से बचाव के लिए सही ब्रशिंग, संतुलित डाइट और ओरल हाइजीन को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी।
 

 न्यू होराइजन डेंटल कॉलेज और लिटिल एंगल्स कॉन्वेंट स्कूल की इस संयुक्त पहल का उद्देश्य बच्चों को कम उम्र से ही दांतों की देखभाल के प्रति जागरूक करना और किसी भी समस्या की समय रहते पहचान कर उचित उपचार की दिशा में कदम बढ़ाना रहा।