छत्तीसगढ़

बारिश के बीच PWD ने कराई सड़क मरम्मत, थपथपाई पीठ, अगले ही दिन खुली पोल, गड्ढे जस के तस

खैरागढ़।  लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। मौसम विभाग द्वारा 20 और 21 नवंबर को चक्रवाती तूफान अक्वान के प्रभाव से बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बावजूद विभाग ने जिला मुख्यालय में सड़क मरम्मत का काम कराया। 20 नवंबर को सुबह से हो रही लगातार बारिश के बीच किल्लापारा से टेंपो चौक तक मुख्य मार्ग के गड्ढों में डामर डाला गया, लेकिन बारिश और वाहनों की आवाजाही से अगले ही दिन मरम्मत की पोल खुल गई।
 

नगर के इतवारी बाजार में भी एक दिन पहले डामर से भरे गए गड्ढे फिर जस के तस हो गए। 20 नवंबर को दोबारा मरम्मत के बावजूद शाम तक स्थिति बिगड़ गई। सड़क पर बिखरा डामर बाइक और साइकिल सवारों के फिसलकर घायल होने का खतरा बढ़ा रहा है। सवाल है कि मौसम की चेतावनी के बावजूद मरम्मत की जल्दबाजी क्यों की गई? विभाग की इस लापरवाही से सरकारी धन की उपयोगिता और सड़क सुरक्षा दोनों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।