छत्तीसगढ़ में बड़ा हादसा... चंद सेकंड में भरभराकर गिर गई तीन मंजिला इमारत... सिविल लाइन क्षेत्र की घटना
2023-07-08 04:57 PM
404
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में शनिवार को एक तीन मंजिला इमारत चंद सेकंड में जमींदोज हो गई। हालांकि भवन पुराना था और गनीमत यह रही कि उस वक्त आसपास लोग मौजूद नहीं थे, जबकि इसी भवन में मेडिकल और ज्वेलरी की दुकाने संचालित होती हैं।
अब बिलासपुर में 3 मंजिला बिल्डिंग गिरने की मुख्य वजह की जांच और दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की जा रही है। माना जा रहा है कि नाले का कलवर्ट बनाने के लिए बीच सड़क और उसके दोनों किनारे करीब 10 फीट गड्डे की खुदाई की गई है। इसके चलते पुरानी भवन की नींव हिल गई और पूरी बिल्डिंग गिर गई। इस घटना का सीसीटीवी VIDEO भी सामने आया है, जिसमें चंद सेकंड में भवन भराभर कर गिरती हुई दिखाई दे रही है।
हादसा सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला चौक के पास का है, जहां सुबह करीब 6:15 बजे तीन मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। दरअसल बिल्डिंग के ठीक नीचे नगर निगम के ठेकेदार द्वारा नाला निर्माण का कार्य किया जा रहा है। पिछले एक माह से यह काम चल रहा है। जिस जगह पर बिल्डिंग गिरी है, वह सड़क से लगी हुई। नाला को जोड़ने के लिए यहां बीच सड़क में कलवर्ट बनाने का काम चल रहा है, जिसके लिए करीब 10 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया है और दोनों तरफ से नाले को जोड़ने का काम किया जा रहा है।
इसके चलते भवन के एकदम साइड से 10 फीट गहरा गड्ढा हो गया है। इस हादसे पर सिविल इंजीनियर आकाश कुमार सिंह का कहना है कि भवन की नींव तीन से चार फीट रही होगी। उसके नीचे ज्यादा गहरी खुदाई से नींव हिल गई और यह हादसा हो गया होगा।