छत्तीसगढ़ की पकड़ी गई फर्जी ‘मुन्नी बहन’….. डेढ़ सालों से मरीजों की जान से कर रही थी खिलवाड़
रायपुर। फिल्म मुन्नाभाई में अभिनेता संजय दत्त फर्जी डिग्री हासिल कर डाक्टर बना था। ऐसा ही एक मामला छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में सामने आया। पर यहां फर्जी मुन्नाभाई नहीं मुन्नी बहन ने एमबीबीएस की फर्जी डिग्री हासिल की और डेढ़ साल से मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ करती रहीं। उस महिला ने फर्जी डिग्री के सहारे अस्पताल में नौकरी पा ली और लोगों का इलाज करती रहीं। मामले का खुलासा होने पर पुलिस ने उसे गिरप्तार कर लिया है।
फर्जीवाड़ा का यह मामला अंबिकापुर जिला मुख्यालय के कोतवाली थाना क्षेत्र का हैं। जानकारी के मुताबिक लखनपुर निवासी डॉ. खुशबू साहू ने इस मामले की रिपोर्ट कोतवाली थाना में दर्ज कराई। उसने रिपोर्ट में बताया कि वह लहपटरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक के पद पर पदस्थ हैं। मार्च 2021 में वह रायपुर के एमएमआई हॉस्पिटल में चिकित्सक के पद पर ज्वाइन करने के लिए अपने संपूर्ण शैक्षणिक दस्तावेज और एमबीबीएस के सर्टिफिकेट के साथ गई थी। दस्तावेज परीक्षण के बाद किसी ने उन्हें चोरी कर लिया था। इस संबंध में खुशबू साहू ने रायपुर के थाना टिकरापारा में दस्तावेज चोरी की रिपोर्ट भी दर्ज करायी थी।
इसके बाद डा.खुशबू साहू को 19 जुलाई को सूचना मिली कि एक अन्य युवती उसके मेडिकल की डिग्री और अन्य दस्तावेजों के आधार पर अंबिकापुर के होलीक्रास हास्पिटल में डाक्टर बनकर काम कर रही हैं। डॉ. खुशबू साहू की शिकायत के बाद पुलिस ने जब इस मामले की जांच की, तो पता चला कि वर्षा वानखेड़े नामक महिला डा.खुशबू साहू के एमबीबीएस की डिग्री पर निजी हास्पिटल में डाक्टर बनकर मरीजों का इलाज कर रही हैं। वर्षा वानखेड़े को हिरासत में लेकर जब पूछताछ किया गया, तो उसने बताया कि वह मूलतः रायपुर के खरोरा क्षेत्र की रहने वाली हैं। उसने बताया कि वह पिछले डेढ़ साल से खुशबू साहू के मेडिकल डिग्री के आधार पर होलीक्रा हास्पिटल में डा.खुशबू साहू बनकर अपनी सेवाएं दे रही थी। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया हैं।