बच्चों को स्कूल से लेकर लौट रही ई-रिक्शा पेड़ से टकराई, 12 बच्चे बुरी तरह घायल
2023-07-22 12:49 PM
292
रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में स्कूली बच्चों से भरी तेज रफ्तार ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में रिक्शे में सवार 12 बच्चे बुरी तरह घायल हो गए। जिसमें ले 3 बच्चों व ड्राइवर की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें अंबिकापुर रेफर किया गया है।
बता दें कि मामला जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के नटकेला गांव का है। दरअसल यहां ऋषिकेश पब्लिक स्कूल के ई-रिक्शे का चालक शनिवार को बच्चों को बैठाकर नटकेला से जुजगु की ओर ले जा रहा था। तभी सड़क पर अचानक ई-रिक्शा अनियंत्रित हो गई और सड़क से उतरकर एक पेड़ से जा टकराई।
ई-रिक्शा की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण टक्कर होते ही उसके सामने का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। जबकि ड्राइवर का सिर सामने के हिस्से से झटके के साथ टकराया। आगे की ओर बैठे बच्चों को भी गंभीर चोटें आईं. अन्य बच्चे भी चपेट में आए. इसके साथ ही बच्चों की चीख-पुकार मच गई. अफरा-तफरी के बीच आसपास के लोगों ने उनकी मदद की। सभी घायलों को सीधे बगीचा स्थित स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।