तीर मारकर बाघ का किया शिकार... खा गए मांस... बेचने निकले थे खाल, नाखून और दांत
2023-07-22 03:58 PM
413
कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में करीब चार माह पहले एक 3 साल के बाघ का शिकार किया गया था। उसे तीर मारकर शिकारियों ने मौत के घाट उतार दिया, उसके बाद मांस को खा लिया, तो उसके खाल, नाखून और दांत को निकाल लिया। इस मामले में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चार लोगों को धर दबोचा है।
बताया जा रहा है कि कोंडागांव से चार लोगों को दबोचा गया है, जिनके कब्जे से बाघ की खाल, नाखून और दांत बरामद किए गए हैं। पूछताछ में इन्होंने पूरी वारदात को सिलसिलेवार बताया। बाघ के खाल, नाखून और दांत की कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि टेमरू गांव के नजदीक कुछ लोग बाघ की खाल बेचने के लिए निकले हैं। ग्राहक का जुगाड़ कर रहे हैं। इसी सूचना के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जवानों को देखकर सभी युवक यहां-वहां से भागने लगे। जिसके बाद चारों को पकड़कर थाना लाया गया।
आरोपियों का नाम कारूराम गोटा (28), सोनू राम (41), देउराम उसेंडी (40), लखमु ध्रुव (35) है। सभी नारायणपुर जिले के ओरछा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इन्होंने पुलिस को बताया कि, गांव के जंगल में बाघ होने की खबर मिली थी। फिर उसे मारने की प्लानिंग की। जिसके बाद हरदिन बाघ को ढूंढने के लिए जंगल जाते थे। फिर एक दिन शाम के समय बाघ का शिकार किया। उस पर करीब 3 से 4 बार तीर से हमला किया गया। एक तीर पेट पर लगा। जिससे बाघ की मौत हो गई।
चार माह तक छिपाकर रखा खाल
खाल, दांत और नाखून निकाल कर मांस को पकाकर सभी शिकारी खा लिए थे। उसी ठिकाने पर बाघ की खाल को छिपाकर रखे हुए थे। शिकार के बाद से खाल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में जुटे हुए थे। अब एक दिन पहले बयानार इलाके में खाल के साथ ग्राहक ढूंढने आए तो पुलिस ने पकड़ लिया।