सोते बच्चे के मुंह में घुस गई छिपकली... 3 साल के मासूम की मौत... इलाके में मातम
2023-07-24 03:42 PM
550
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांकीमोंगरा से खबर सामने आई है, जहां एक 3 साल के मासूम के मुंह में छिपकली घुस गई। इस जहरीली छिपकली की वजह से उस मासूम की मौत हो गई है। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरु कर दी है, वहीं पूरे इलाके में मातम पसर गया है।
मिल रही जानकारी के मुताबिक घटना बांकीमोंगरा के नागिनभंटा मोहल्ले की है, जहां 3 साल का बच्चा अपने घर पर सो रहा था। उसकी मां घरेलू काम निपटाते हुए कुछ जरुरी सामान लेने पास की दुकान पर गई थी, जब वह लौटी तो बच्चे के मुंह में छिपकली को घुसा पाई। पिता राजकुमार सांडे उस वक्त घर पर नहीं था। मां की चीख—पुकार सुनकर जब लोग इकट्ठा हुए, तो छिपकली मासूम जगदीश के मुंह में घुसी हुई थी।
पुलिस ने इस मामले को लेकर पंचनामा कार्रवाई कर बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिसकी रिपोर्ट के बाद ही तय हो पाएगा कि वास्तव में बच्चे के मौत की असल वजह क्या थी, लेकिन प्रथम दृष्टया मौत की वजह छिपकली को ही माना जा रहा है।