छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ भाजपा नेता बेलचंदन गिरफ्तार... गंभीर आरोप में हुई कार्रवाई... पूछताछ जारी

दुर्ग। छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रीतलाल बेलचंदन को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया है। बेलचंदन के खिलाफ करोड़ों रुपए की हेराफेरी का आरोप लगा था। इस मामले में जमानत याचिका लगाई गई थी, जिसे जिला कोर्ट ने खारिज कर दिया। उसके बाद पुलिस ने भाजपा नेता को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरु कर दी है। 

बता दें कि भाजपा नेता प्रीतलाल बेलचंदन केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष थे, उस दौरान उन पर करोड़ों रुपए की हेराफेरी का आरोप लगा। जिसके चलते बेलचंदन को जहां पद गंवानी पड़ी थी, तो अब गिरफ्तारी का दंश भी झेलना पड़ेगा। 

दरअसल, मार्च 2021 को दुर्ग के कोतवाली में बेलचंदन के खिलाफ धारा 409, 420,468,471, 34 के तहत केस दर्ज किया गया था। शिकायत को बैंक के सीईओ और असिस्टेंट रजिस्ट्रार ने दर्ज करवाया था। शिकायत में बेलचंदन पर 14 करोड़ 80 लाख रुपए की धोखाधड़ी का आरोप लगा था। 

इस मामले की जांच के बाद आज दुर्ग पुलिस ने बेलचंदन को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। बता दें कि अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए बेलचंदन ने जिला अपर सत्र न्यायाधीश शैलेष कुमार तिवारी की अदालत में जमानत की याचिका लगाई थी। इस पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने याचिका को खारिज कर दिया। इसके बाद पुलिस ने सोमवार तड़के बेलचंदन के घर छापेमार कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

बता दें बेलचंदन बीजेपी के दिग्गज नेता रहे और सहकारी बैंक चार बार अध्यक्ष रहे हैं। 2008 में विधानसभा का चुनाव भी लड़ चुके हैं। गड़बड़ी का आरोप लगने के बाद तत्कालीन कलेक्टर ने एक जांच कमेटी भी गठित की थी। जांच के बाद रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी गई थी।