छत्तीसगढ़

खपरैल पर चढ़ी चार साल की बच्ची.... बोली ‘पईसा दे कापी पेन लुहू’

रायपुर। अपनी जिद पूरी करवाना बच्चों को अच्छे से आता है। बच्चों की जिद के आगे हर माता-पिता हार जाते है। छत्तीसगढ़ के केशकाल में बच्ची की जिद का अनोखा वाक्या सामने आया। यहां महज 4 साल की बच्ची अपने घर की खपरैल वाली छत पर चढ़ गई। वह भी मोटी वाली कॉपी और पेन पाने के लिए, क्योंकि परिजन इस पर ध्यान नहीं दे रहे थे। बच्ची के छत पर चढ़ते ही हड़कंप मच गया। आखिरकार माता-पिता ने उसे भरोसा दिलाया तब वह नीचे उतरी।

पूरा मामला कांकेर जिले के केशकाल क्षेत्र का है. बताया जा रहा है कि ये वहां के तेंदूभाठा गांव का है. दरअसल, बच्ची को अपने लिए मोटी वाली कॉपी और पेन के लिए अपने माता-पिता से जिद कर रही थी. लेकिन, वे इस बात पर ध्यान नहीं दे रहे थे। तभी बच्ची अपने खपरैल वाले घर की छत पर सीढ़ी की मदद से चढ़ गई। फिर आवाज लगाकर घरवालों को बुलाया। इस दौरान वह छत्तीसगढ़ी बोली में तुतलाकर कहने लगी कि पइछा दे मैं पेन आउ कांपी लेहूं, आउ 10 रु‍पिया पइसा भी दे, तभे उतरहूं।

बच्ची के इस ड्रामे के बीच माता-पिता की जान हलक पर अटक गई थी, क्योंकि छोटी बच्ची के हिसाब से छत से जमीन की ऊंचाई ज्यादा थी, फिसलती तो गंभीर चोट लगने का खतरा था। वे मान-मनौव्वल करते रहे और आश्वासन देते रहे. तब आखिरकार वह उतरने को राजी हुई। इसी घटनाक्रम का पास-पड़ोस के लोगों ने वीडियो बना लिया। बाद में उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया. अब ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी दे रहे है।