छत्तीसगढ़

हड़ताली शिक्षकों पर सरकार सख्त, दिया नोटिस, कहा-नहीं लौटे तो बर्खास्तगी की कार्रवाई

रायपुर। पुरानी मांगों पर अड़े शिक्षकों की हड़ताल से स्कूलों में तालेबंदी की स्थिति है। बच्चों की पढ़ाई पर खासे असर पड़ रहा है। इससे प्रदेश में स्कूलों की स्थिति बिगड़ती जा रही है। ऐसे में सरकार सख्त नजर आ रही है। शिक्षकों पर कार्रवाई के लिए शिक्षा विभाग को आदेशित किया गया है।  इसी के तहत कार्रवाई के लिए आदेश जारी कर दिया गया है। डीपीआई के निर्देश के बाद शिक्षकों के खिलाफ नोटिस जारी होना शुरू हो गया है। गुरुवार को कुछ जिलों से ही नोटिस जारी हुआ है, लेकिन शुक्रवार-शनिवार तक सभी जिलों से नोटिस जारी हो जाएंगे।

शिक्षा विभाग के अधिकारी के मुताबिक DPI के निर्देश के बाद सभी संयुक्त संचालक कार्यालय की तरफ से सभी जिला शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई का निर्देश दिया गया है, जिसके बाद 10 अगस्त से हड़ताल पर चल रहे शिक्षकों को पहले नोटिस जारी किया जा रहा है और फिर बर्खास्तगी की कार्रवाई की जायेगी।

मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी से मिली जानकारी अनुसार उन्हें कार्रवाई का निर्देश मिला है। अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चल रहे शिक्षकों को व्यक्तिगत रूप से नोटिस जारी किया जाना है, इसलिए सूची मंगायी गयी है। शुक्रवार तक सूची आने के बाद शनिवार या सोमवार तक सभी को नोटिस जारी कर दिया जाएगा। नोटिस के बाद जो भी विभाग का निर्देश होगा, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

राज्य सरकार शिक्षकों के प्रति सख्ती बरतना शुरू कर दी है। पिछले दिनों अधिकारियों ने हड़ताली संगठन को इस बात के संकेत भी दिये थे कि अगर वो हड़ताल से नहीं लौटे, तो उनके खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई की जायेगी। इधर हड़ताली संगठन सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन हड़ताल से पीछे हटने को तैयार नहीं है।