कोरबा से रायपुर आ रही बस हुई हादसे का शिकार.... 6 यात्री घायल 2 की हालत नाजुक
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरबा से राजधानी रायपुर आ रही बस शनिवार तड़के दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस डिवाइडर को तोड़ती हुई ऊपर चढ़ गई। इस घटना में 6 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से 2 की हालत नाजुक बताई जा रही है।
दरअसल, राधे-कृष्ण कंपनी की यह बस कोरबा से निकलकर पंतोरा बलौदा मार्ग से होते हुए रायपुर तक चलती है। सुबह में बस कोरबा के बस स्टैंड से यात्रियों को लेकर रवाना हुई थी। तब उसमें करीब 20 यात्री सवार थे। बस अभी कोरबा जिले में ही कनकी-पंतोरा मार्ग पर पहुंची थी। रफ्तार तेज होने के कारण अचानक चालक का ध्यान हट गया और फिर डिवाइडर को तोड़ती हुई उस पर चढ़ गई।
यात्री अपनी-अपनी सीटों पर आराम से बैठे हुए थे। तभी हादसे की वजह से बस में तेज झटके के चलते कई यात्री अपनी सीटों से उछलकर आगे गिर गए। इसके साथ ही हड़कंप मच गया। 6 यात्रियों को इसी वजह से चोटें आई हैं. जबकि जो 2 की हालत गंभीर हैं, उन्हें ज्यादा ही चोट लगी। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग व राहगीरों ने आकर घायल यात्रियों की मदद की। साथ ही एंबुलेंस को फोन किया. फिर घायलों को अस्पताल भेजा गया। वहां सभी का इलाज किया जा रहा है. वहीं स्थानीय पुलिस भी मामले की जांच कर रही है।