मनोरंजन

'घर आजा परदेशी, तेरा देश बुलाए रे' की गायिका नहीं रहीं... सिने जगत में शोक की लहर... बॉलीवुड को बड़ा झटका

मुंबई। भारतीय सिने जगत में आज एक बार फिर शोक की लहर है। दरअसल, आज भारतीय सिनेमा के दिग्गज दिवंगत डायरेक्टर यश चोपड़ा की पत्नी पामेला चोपड़ा का निधन हो गया है।  पामेला चोपड़ा ने गुरुवार को 74 साल की उम्र में अपनी अंतिम सांस ली। पामेला चोपड़ा आदित्य चोपड़ा, उदय चोपड़ा की मां होने के साथ ही प्रसिद्ध भारतीय सिनेमा अभिनेत्री रानी मुखर्जी की सास भी थीं। 

बताया जा रहा है कि पामेला चोपड़ा का निधन आज सुबह हुआ है। पामेला चोपड़ा ने यश चोपड़ा से 1970 में पारंपरिक रीति-रिवाजों से शादी रचाई थी, दोनों ने अरेंज मैरिज की थी। पति यश चोपड़ा की मौत के करीब 11 साल बाद अब पामेला चोपड़ा ने भी दुनिया को अलविदा कह दिया है। 

पामेला चोपड़ा महज एक प्रसिद्ध निर्माता निर्देशक की पत्नी नहीं, बल्कि खुद भी एक हुनरमंद महिला थीं। उन्होंने अपनी गायिकी के जरिए हिन्दी फिल्म जगत में अपना अलग मुकाम हासिल किया था, तो बतौर फिल्म राइटर भी काम करती रहीं। इसके अलावा उन्होंने फिल्म प्रोड्यूसर की हैसियत से भी काम किया। कुल मिलाकर कहा जाए तो सिनेमा की दुनिया में पामेला चोपड़ा का बड़ा योगदान रहा है। यश चोपड़ा की कई फिल्मों के म्यूजिक में भी उनका इन्वॉलमेंट रहा है। पामेला चोपड़ा ने कई फ़िल्मों में गाने गाए थे, लेकिन उन्होंने सभी गाने अपने पति की फ़िल्मों के लिए ही गाए।

साल 1993 में आई फिल्म आईना को पामेला चोपड़ा ने अकेले ही प्रोड्यूस किया था। पामेला ने अपने पति यश चोपड़ा, बेटे आदित्य चोपड़ा और प्रोफेशनल राइटर तनुजा चंद्रा के साथ 1997 की हिट फिल्म 'दिल तो पागल है' की स्क्रिप्ट भी लिखी थी।

मैं ससुराल नहीं जाऊंगी... घर आजा परदेशी, तेरा देश बुलाए रे... कुछ ऐसे गीत हैं, जिनकी गूंज आज भी सुनाई पड़ती है और इन गानों को आवाज पामेला चोपड़ा ने ही दिया था। उनके निधन से उनकी पूरी फैमिली को गहरा सदमा लगा है। बॉलीवुड इंडस्ट्री में भी सन्नाटा पसर गया है। पामेला चोपड़ा के निधन की खबर ने हर किसी की आंखों को नम कर दिया है।