मनोरंजन

दूरदर्शन की पूर्व एंकर सरला माहेश्वरी का निधन, 71 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

डेस्क। दूरदर्शन की वरिष्ठ और जानी-मानी पूर्व समाचार एंकर सरला माहेश्वरी का आज 12 फरवरी को निधन हो गया है। वह 71 वर्ष की थीं। उनके निधन की जानकारी उनके पारिवारिक मित्र और पूर्व सहकर्मी शम्मी नारंग ने सोशल मीडिया के जरिये साझा की। इस खबर के सामने आते ही मीडिया जगत और उनके चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई। दूरदर्शन के स्वर्णिम दौर की एक सशक्त आवाज अब हमेशा के लिए खामोश हो गई है।

सरला माहेश्वरी ने वर्ष 1976 में दूरदर्शन के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। करीब तीन दशकों तक उन्होंने समाचार एंकर के फील्ड में एक्टिव भूमिका निभाई। 1980 और 1990 के दशक में वह दूरदर्शन समाचारों का एक भरोसेमंद चेहरा मानी जाती थीं। उस दौर में प्रसारण समय सीमित होता था लेकिन दर्शकों के बीच समाचार एंकर की पहचान गहरी होती थी। सरला माहेश्वरी अपनी प्रभावशाली आवाज और सधी हुई प्रस्तुति के लिए जानी जाती थीं।

शम्मी नारंग ने उन्हें याद करते हुए कहा कि सरला माहेश्वरी शिष्टता और विनम्रता की मिसाल थीं। उनके अनुसार उनकी भाषा पर मजबूत पकड़ थी और वह ज्ञानवान व्यक्तित्व की धनी थीं। उन्होंने यह भी कहा कि सरला माहेश्वरी न केवल पेशेवर रूप से दक्ष थीं, बल्कि व्यक्तिगत जीवन में भी बेहद सरल और उदार स्वभाव की थीं। दूरदर्शन के पर्दे पर उनकी उपस्थिति प्रभावशाली मानी जाती थी।