देश-विदेश

पीएम मोदी ने त्रिवेणी संगम में किया स्नान... CM योगी संग लिया नौका विहार का आनंद

डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार 5 फरवरी को प्रयागराज पहुंचकर त्रिवेणी संगम में स्नान किया। इस दौरान उनके साथ यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। दोनों ने साथ मिलकर यमुना नदी में नौका विहार भी किया। महाकुंभ 2025 की शुरुआत 13 जनवरी 2025 को हुई थी और 26 फरवरी 2025 तक यानी महाशिवरात्रि तक चलेगा। दुनिया के इस सबसे बड़े आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु आ रहे हैं।

त्रिवेणी संगम में स्नान करने से पहले पीएम मोदी और सीएम योगी ने यमुना नदी में नौका विहार का भी आनंद लिया। पीएम मोदी ने नदी में खड़े होकर मंत्रोच्चार करते हुए मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने रुद्राक्ष की माला भी धारण कर रखी थी। बता दें, पिछले तीन महीनों में प्रधानमंत्री का यह यह दूसरा प्रयागराज दौरा है। इससे पहले, पीएम 13 दिसंबर 2024 को प्रयागराज आए थे। तब उन्होंने 5,500 करोड़ रुपये की 167 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया था।

बुधवार सुबह से ही गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम में पर लाखों श्रद्धालु पवित्र स्नान करने पहुंच रहे थे। इनमें कल्पवासी और अन्य तीर्थयात्री शामिल थे। उत्तर प्रदेश सरकार के आंकड़ों के अनुसार, महाकुंभ में 4 फरवरी 2025 तक स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या लगभग 40 करोड़ पहुंच चुकी है। महाकुंभ हर 12 वर्षों बाद आयोजित होता है।

----------