12 किलोमीटर की सड़क में गड्ढों की भरमार, सालों से अधूरा निर्माण… राहगीरों की जिंदगी दांव पर
2026-08-16 11:57 AM
10
जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिला मुख्यालय को शिवरीनारायण से खैरताल के रास्ते जोड़ने वाली करीब 12 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क इन दिनों बदहाली की मार झेल रही है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं और बारिश के बाद इनमें पानी भरने से राहगीरों की परेशानी और बढ़ गई है। आलम यह है कि इस मार्ग पर सफर करना लोगों के लिए जोखिम भरा साबित हो रहा है।
यह मार्ग कई गांवों, स्कूलों और शासकीय दफ्तरों को जोड़ता है। रोजाना बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र-छात्राएं और कर्मचारी इसी सड़क से आवागमन करते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक पिछले पांच-छह वर्षों से सड़क निर्माण को लेकर प्रक्रिया चल रही है। टेंडर होने के बावजूद निर्माण की स्वीकृति नहीं मिलने से सड़क का काम अधूरा पड़ा है।
सड़क की बदहाली को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी देखने को मिल रहे हैं, लेकिन इन सबके बीच सबसे ज्यादा परेशानी आम जनता को उठानी पड़ रही है। गड्ढों से बचते हुए वाहन चलाना लोगों की मजबूरी बन चुका है। कई राहगीरों के चोटिल होने की बात भी सामने आ रही है, जबकि लगातार दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
अब सवाल यह है कि आखिर 12 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण को स्वीकृति कब मिलेगी? क्या किसी बड़े हादसे के बाद विभाग जागेगा, या उससे पहले ही सड़क की तस्वीर बदलेगी? फिलहाल यह बदहाल सड़क विकास के दावों के बीच सिस्टम की उदासीनता की कहानी बयां कर रही है।