कैबिनेट मंत्री धालीवाल ने मंत्री पद से दिया इस्तीफा, कहा – ‘मैं पंजाब के लिए लड़ने के लिए अमेरिका से आया हूं’
पंजाब| पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) के सीनियर लीडर और पंजाब के कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है. हालांकि, उन्होंने साफ कर दिया कि, वे पार्टी में बने रहेंगे.
आम आदमी पार्टी सरकार ने अपने तीन साल के कार्यकाल में सातवीं बार कैबिनेट में फेरबदल किया है. इस दौरान लुधियाना पश्चिम से नवनिर्वाचित विधायक संजीव अरोड़ा को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है. अरोड़ा ने पंजाब के राज्यपाल की मौजूदगी में राजभवन में आयोजित एक सादे समारोह में मंत्री पद की शपथ ली.
कुलदीप धालीवाल ने कहा, “2013 में मैं अपने बच्चों को छोड़कर पंजाब के लिए लड़ने के लिए अमेरिका से आया था. उस दिन से लेकर आज तक मैंने कभी छुट्टी नहीं ली और लगातार पार्टी के लिए काम कर रहा हूं. उन्होंने कहा कि, वे वैसे नेता नहीं हैं जो सिर्फ विभागों के पीछे भागते हैं.
कुलदीप सिंह धालीवाल ने इस निर्णय के पीछे का कारण बताते हुए कहा कि उनके लिए पंजाब की जनता और राज्य का हित सर्वोपरि है, न कि कोई पद या विभाग उनके लिए कोई मायने रखता है. इस इस्तीफे के साथ ही उन्होंने पार्टी के प्रति अपनी वफादारी को भी दोहराया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वे मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद भी के आम आदमी पार्टी के साथ बने रहेंगे और पंजाब के लिए काम करना जारी रखेंगे.