देश-विदेश

नई दिल्ली में केन्द्रीय गृह मंत्री शाह ने किया लैंड पोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम का उद्घाटन

नईदिल्ली। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में लैंड पोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम (विनिमय) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर केन्द्रीय गृह सचिव, आसूचना ब्यूरो के निदेशक, सीमा प्रबंधन सचिव और लैंड पोर्ट अथॉरिटी  ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में लैंड पोर्ट अथॉरिटी को नई दिशा मिली। सुरक्षा-केंद्रित सोच से आगे बढ़कर लैंड पोर्ट को सुरक्षा के पहले कवच, व्यापार सुगमता के माध्यम और लोगों के बीच संपर्क सेतु के रूप में विकसित किया गया। साथ ही, सीमावर्ती क्षेत्रों के समग्र विकास, वैध व्यापार को बढ़ावा देने और सीमांत गांवों और जिलों में पलायन जैसी चुनौतियों से निपटने में भी लैंड पोर्ट ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। दोनों ओर के देशों की जनता के बीच सरल आवागमन के कारण परस्पर विश्वास बढ़ा है और संस्कृति का आदान-प्रदान भी बेहतर हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत जैसे विशाल भू-सीमा वाले देश में सीमा प्रबंधन की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका है।

शाह ने कहा कि गृह मंत्रालय स्मार्ट बॉर्डर की संकल्पना के साथ भारत की सीमाओं को सुरक्षित करने हेतु चतुष्कोणीय रणनीति पर कार्य कर रहा है। इस स्मार्ट बॉर्डर विज़न में लैंड पोर्ट अथॉरिटी की महत्वपूर्ण भूमिका होने वाली है। उन्होंने कहा कि लैंड पोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम (LPMS) में सभी हितधारकों की आवश्यकताओं तथा सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। यह व्यवस्था स्मार्ट बॉर्डर की संकल्पना के साथ मिलकर एक अभेद्य और सुरक्षित बॉर्डर का निर्माण करेंगे। उन्होंने कहा कि LPMS और स्मार्ट बॉर्डर मिलकर अधिक सुरक्षित और आधुनिक सीमा तंत्र बनाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे अवैध गतिविधियों पर रोक और सुरक्षित व्यवस्था का निर्माण निश्चित है।

केन्द्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि लैंड पोर्ट अथॉरिटी ने अपने लैंड पोर्ट्स के लिए एक आधुनिक, डिजिटल, एकीकृत और रियल-टाइम प्रबंधन प्रणाली विकसित कर सभी को एक साथ जोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि लैंड पोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से लैंड पोर्ट की मूल संकल्पना को लैंड पोर्ट अथॉरिटी ने पूरा कर दिया है। आगामी दिनों में हम लैंड पोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम को देश की स्मार्ट सुरक्षा ग्रिड का एक महत्वपूर्ण अंग बनाएंगे, जिससे हमारी आर्थिक सुरक्षा के साथ-साथ भौतिक सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि लैंड पोर्ट अथॉरिटी की यह पहल स्मार्ट बॉर्डर की संकल्पना को पूर्ण रूप देने में सहायक सिद्ध होगा।

यह प्रणाली कार्गो, पैसेंजर और वाहनों के प्रबंधन के लिए एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएगी। इससे विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ेगा और सूचना का आदान-प्रदान अत्यंत सरल हो जाएगा। 90% कागजी कार्यवाही समाप्त होगी। सिंगल इलेक्ट्रॉनिक विंडो तथा ऑटोमेटिक नंबर प्लेट पहचान आधारित गेट संचालन प्रणाली से काफी समय की बचत होगी। ट्रकों की प्रतीक्षा समय में लगभग 40% से 60% की कमी आएगी तथा गेट प्रोसेसिंग समय में 22% से 35% की कमी होगी। इससे न केवल व्यापार बढ़ेगा, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और दोनों देशों के नागरिकों के बीच समन्वय, संवाद तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान भी बेहतर तरीके से हो सकेगा।

 

----------