बिल्ली लापता होने से परिवार परेशान, 5 हजार ईनाम भी रखा, ढूंढने की अपील
2026-06-15 08:26 AM
39
यूपी। रामपुर जिले से एक भावुक कर देने वाली कहानी सामने आई है, जहां एक परिवार अपनी लापता पालतू बिल्ली की तलाश में दिन-रात जुटा हुआ है. 'बबली' नाम की यह बिल्ली पिछले दो साल से परिवार के साथ रह रही थी और घर के सदस्य की तरह बन गई थी. करीब 25 दिन पहले अचानक घर से निकलने के बाद वह वापस नहीं लौटी, जिसके बाद परिवार उसकी तलाश में हर संभव कोशिश कर रहा है.
परिवार ने न सिर्फ आसपास के इलाकों में खोजबीन की, बल्कि बिल्ली की तस्वीर वाले पोस्टर भी छपवाए हैं. इतना ही नहीं, बबली के बारे में सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 5 हजार रुपये के इनाम की भी घोषणा की गई है. परिवार का कहना है कि बबली कुछ महीने पहले चार बच्चों की मां बनी थी. उसके अचानक गायब हो जाने से उसके बच्चे भी परेशान हैं और परिवार को उनकी हालत देखकर दुख होता है. बिल्ली के मालिक कमल किशोर ने बताया कि करीब दो साल पहले एक रात बबली उनके घर के बाहर दिखाई दी थी. वह काफी भूखी लग रही थी. परिवार ने उसे दूध पिलाया, जिसके बाद वह घर के अंदर आ गई. कमल किशोर के अनुसार उसी दिन से बबली परिवार के बच्चों के साथ घुल-मिल गई और देखते ही देखते घर का हिस्सा बन गई. परिवार ने उसके खाने-पीने और रहने की पूरी व्यवस्था कर दी.
उन्होंने बताया कि बबली कभी किसी को परेशान नहीं करती थी और बेहद प्यार से परिवार के साथ रहती थी. यही वजह थी कि धीरे-धीरे उसका परिवार से भावनात्मक लगाव बढ़ता चला गया. कमल किशोर ने बताया कि करीब तीन महीने पहले बबली के व्यवहार में बदलाव दिखाई देने लगा था. वह अक्सर किसी सुरक्षित जगह की तलाश करती नजर आती थी.जब परिवार ने ध्यान दिया तो पता चला कि वह मां बनने वाली है. इसके बाद उसके लिए घर में सुरक्षित जगह तैयार की गई. कुछ समय बाद उसने चार बच्चों को जन्म दिया. परिवार बच्चों की देखभाल में जुटा हुआ था कि अचानक एक रात बबली घर से बाहर चली गई और फिर वापस नहीं लौटी. पहले लगा कि वह कुछ समय बाद लौट आएगी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला.