देश-विदेश

सच्ची महानता पद-प्रतिष्ठा, सम्पत्ति में नहीं, त्याग, तपस्या और परोपकार में : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

 भोपाल :  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि महानता यूं ही अर्जित नहीं होती, इसके लिए निःस्वार्थ भाव से सम्पूर्ण जीव-जगत के हित में प्राण-प्रण से जीवन साधना करनी पड़ती है। सच्ची महानता किसी पद-प्रतिष्ठा या सम्पत्ति के वैभव प्रदर्शन में नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या और परम ज्ञान से जीवों के कल्याण (परोपकार) में है। मुख्यमंत्री ने कहा कि परमपूज्य संत शिरोमणि 108 आचार्य  विद्यासागर जी महाराज तप, त्याग, संयम और करुणा की साक्षात् प्रतिमूर्ति थे। दिगम्बर जैनाचार्य विद्यासागर महाराज के जीवन मूल्यों का स्मरण करते हुए उनकी स्मृति में भारतीय डाक विभाग ने स्मारक डाक टिकट जारी किया है। आचार्य  विद्यासागर महाराज ने सूर्य के समान हम सभी को आशीर्वाद प्रदान किया। सूर्य के प्रकाश में सप्त रंग शामिल होते हैं, लेकिन वे दिखाई नहीं देते हैं, इसके लिए प्रिज्म की आवश्यकता होती है। उसी प्रकार आचार्य विद्यासागर जी भौतिक शरीर से हमारे साथ नहीं हैं, लेकिन वे वायु और सूर्य के सप्त रंगों के समान हमारे आसपास मौजूद हैं। उनका आशीर्वाद आज भी हम सभी को मिल रहा है।  विद्यासागर महाराज ने अपना घर-परिवार त्यागकर तपोसाधना, भक्ति और जनकल्याण का मार्ग चुना था। उन्होंने अमीर हों या गरीब, समाज के हरेक व्यक्ति के जीवन में 'जियो और जीने दो' के भाव को चरितार्थ कर दिखाया। 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को भोपाल के एमपी नगर स्थित विद्योदय तीर्थ में केंद्रीय संचार मंत्रालय द्वारा आचार्य विद्यासागर जी महाराज की स्मृति में स्मारक डाक टिकट विमोचन समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने पांच रुपए मूल्य के इस स्मारक डाक टिकट (मिनिएचर शीट) के विमोचन (प्रथम दिवस आवरण विवरणिका) के लिए केन्द्र सरकार और केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री  ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए स्मारक डाक टिकट के विमोचन में सहभागिता की।

समारोह में मौजूद पूज्य संत समय सागर जी महाराज के सानिध्य में डाक विभाग द्वारा परम पूज्य 108 विद्यासागर महाराज के स्मारक डाक टिकिट का विमोचन किया गया।

----------