भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री का निधन... अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे मुख्यमंत्री... परिजनों से की मुलाकात
2023-08-14 02:39 PM
479
छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर से पूर्व गृह राज्यमंत्री रामदयाल अहिरवार का निधन हो गया है। पूर्व मंत्री रामदयाल अहिरवार लंबे समय से बीमार चल रहे थे। छतरपुर स्थित अपने निवास में उन्होंने अंतिम सांस ली है, रामदयाल अहिरवार महाराजपुर और चंदला से विधायक रहे हैं। रामदयाल अहिरवार के निधन के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व राज्यमंत्री को अंतिम दर्शन के बाद श्रद्धांजलि महाराजपुर स्थित निवास पहुंचकर शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
इस दौरान सीएम शिवराज ने कहा पूर्व मंत्री अहिरवार की स्मृति को अक्षुण्ण रखा जाएगा। सीएम शिवराज सोमवार को छतरपुर जिले के महाराजपुर पहुंचे और पूर्व राज्यमंत्री एवं पूर्व विधायक रामदयाल अहिरवार के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की साथ ही स्व. रामदयाल अहिरवार के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के उपरांत आत्मा को शांति देने और परिवारजनों को असहनीय कष्ट सहन करने की क्षमता प्रदान करने की ईश्वर से कामना की। सीएम ने शोकाकुल परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया। बता दें पूर्व राज्यमंत्री का गत रविवार को बीमारी के कारण निधन हो गया था।
सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि रामदयाल अहिरवार सरल, सहज और सौम्य स्वभाव के थे। राजनीतिज्ञ के साथ वे समाजसेवी भी थे। महाराजपुर में उनकी स्मृति को अक्षुण्ण रखने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान खजुराहो से हेलीकॉप्टर द्वारा महाराजपुर हेलीपैड पहुंचे और कार द्वारा पूर्व विधायक के निवास पर रवाना हुए। इस दौरान खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, पूर्व राज्य मंत्री ललिता यादव, अन्य जनप्रतिनिधि, मलखान सिंह, कलेक्टर व SP समेत कई अधिकारी शामिल रहे।