राजधानी में इस कीमत पर शुरु हुई टमाटर की बिक्री... 48 घंटे में हो गई 71 हजार किलो की खरीदी
2023-08-14 04:29 PM
695
नई दिल्ली। देशभर में टमाटर की कीमतों में लगी आग थोड़ी कम हुई है, लेकिन सामान्य नहीं कही जा सकती। हालात ये हैं कि थोड़ी कम हुई कीमत की जानकारी जैसे ही लोगों तक पहुंची, महज 48 घंटों के भीतर दिल्ली के लोगों ने 71 हजार किलो से ज्यादा टमाटर खरीद लिया। यह अपने आप में किसी रिकार्ड से कम नहीं है।
देशभर में अब भी टमाटर की कीमतें सामान्य से दोगुना चल रही है। बाजारों में टमाटर की कमी देखने में आ रही है, जिसकी वजह से 80 रुपए किलो से नीचे कहीं पर भी टमाटर नहीं मिल रहा है। जिन प्रदेशों में टमाटर की बंपर पैदावार होती है, वहां तक की स्थिति खराब है और गांव से लेकर शहर तक 80 रुपए किलो में ही टमाटर बिक रहा है।
पीटीआई के मुताबिक, भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता महासंघ (NCCF) ने रविवार को राजधानी दिल्ली में टमाटर की सेल का आंकड़ा पेश करते हुए बता कि स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले उपभोक्ताओं को ऊंची कीमतों से राहत देने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय मेगा सेल में सस्ते भाव पर दिल्ली में 71,500 किलोग्राम टमाटर बेचे गए। ये Tomato Sale दिल्ली के सीलमपुर और आर के पुरम जैसे 70 अलग-अलग स्थानों पर आयोजित की गई थी।