ऑस्ट्रेलिया भारत शिक्षा एवं कौशल परिषद की पहली बैठक आज... आईआईटी गांधीनगर में आयोजित होगी बैठक
नईदिल्ली। ऑस्ट्रेलिया भारत शिक्षा एवं कौशल परिषद (एआईईएससी) की प्रथम बैठक आज आईआईटी गांधीनगर में आयोजित होगी। ऑस्ट्रेलिया भारत शिक्षा एवं कौशल परिषद, जिसे पहले ऑस्ट्रेलियाई भारत शिक्षा परिषद (एआईईसी) कहा जाता था, दोनों देशों के बीच शिक्षा, प्रशिक्षण और अनुसंधान साझेदारी की कार्यनीतिक दिशा का मार्गदर्शन करने के लिए 2011 में स्थापित एक द्वि-राष्ट्रीय निकाय है। इस मंच का कार्य क्षेत्र दोनों देशों की राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप बढ़ाया गया ताकि अंतर्राष्ट्रीयकरण को बढ़ावा देने, दो-तरफा आवागमन और शिक्षा के साथ-साथ कौशल इको-सिस्टम में सहयोग पर ध्यान केंद्रित किया जा सके।
ऐसा पहली बार है जब शिक्षा और कौशल को एक ही संस्थागत मंच के तहत लाया जा रहा है। इस यात्रा से शिक्षा और कौशल क्षेत्र में पारस्परिक हित के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग, भागीदारी व तालमेल को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बैठक की अध्यक्षता भारत सरकार के शिक्षा मंत्री और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान, ऑस्ट्रेलिया सरकार के शिक्षा मंत्री जेसन क्लेयर एमपी और ऑस्ट्रेलिया सरकार के कौशल व प्रशिक्षण मंत्री श्री ब्रेंडन ओ'कॉनर संयुक्त रूप से करेंगे।
यह बैठक अकादमिक और कौशल विशेषज्ञों को पारस्परिक रूप से सम्मत प्राथमिकताओं की एक विस्तृत श्रृंखला पर चर्चा करने के लिए एक मंच प्रदान करेगी, जिसका अंतिम उद्देश्य दोनों देशों में शिक्षा और कौशल के भविष्य को आकार देना है। भविष्य के कार्यबल को आकार देने, शिक्षा में संस्थागत भागीदारी को सुदृढ़ बनाने और अंतर्राष्ट्रीयकरण के माध्यम से अनुसंधान प्रभाव को बढ़ाने के तीन प्रमुख विषयों पर ध्यान केंद्रित करने पर चर्चा की जाएगी। इस बैठक में भारत और ऑस्ट्रेलिया के वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के साथ-साथ दोनों देशों के उच्च शिक्षा संस्थानों और कौशल क्षेत्रों के प्रमुख भाग लेंगे।