कर्ज लेकर लड़ा चुनाव और बना MLA….बाइक से 300 किमी का सफर कर पहुंचे विधानसभा
डेस्क। मध्यप्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में भले ही भाजपा को बहुमत मिला हो, लेकिन भाजपा और कांग्रेस को मात तक विधायक बने इस विधायक की चर्चा हर जुबान पर पर है। अपनी बाइक में MLA का स्टीकर चस्पा कर एक शख्स जब मध्य प्रदेश की विधानसभा पहुंचा तो सभी उसे कौतुहल से देखने लगे। पता चला कि वह और कोई नहीं बल्कि रतलाम की सैलाना सीट से जीतकर विधायक बनने वाला कमलेश्वर डोडियार हैं। विधानसभा में हर विधायक का अपना अलग जलवा था लेकिन पैरों में चप्पल पहने और बाइक से आए डोडियार को देखना अपने आप में अलग था। बता दें कि कमलेश्वर डोडियार भारत आदिवासी पार्टी से चुनाव लड़कर विधायक बने हैं।
मजदूर परिवार में जन्मे कमलेश्वर डोडियार का झोपड़ी से लेकर विधानसभा तक का सफर किसी फिल्मी स्टोरी से कम नहीं है। 33 साल के कमलेश्वर के माता-पिता मजदूर हैं। सैलाना में एक झोपड़ी में उनका परिवार रहता है। यहीं पर कमलेश्वर का बचपन बीता।
कमलेश्वर अपने 6 भाई और 3 बहनों में सबसे छोटे हैं। पढ़ाई में रुचि होने के कारण उन्होंने ग्रेजुएशन किया, इसके बाद वह कोटा चले गए थे। जहां उन्होंने मकान के निर्माण कार्य में मजदूरी का काम किया। बचपन से लेकर अब तक उन्होंने गरीबी को नजदीक से देखा और जाना है।
विधायक का चुनाव लड़ने के लिए पैसों की जरूरत होती है लेकिन कमलेश्वर के पास पैसा नहीं था लिहाजा उन्होंने 12 लाख रुपए का कर्ज लिया। साथ ही वे चुनाव प्रचार के दौरान अपना क्यूआरकोड लेकर चलते थे, ताकि लोग उनकी मदद कर सकें।
कमलेश्वर डोडियार भारत आदिवासी पार्टी के बैनर तले चुनाव में उतरे और कांग्रेस उम्मीदवार हर्ष विजय गहलोत को 4618 वोट से मात दी। कमलेश्वर को 71,219 वोट मिले और हर्ष विजय को 66,601 वोट। भाजपा की संगीता चारेल तीसरे स्थान पर रहीं।