मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार के आवास पर ED की छापेमारी... 12 जगहों पर चल रही रेड
रांची। झारखंड के साहिबगंज अवैध खनन मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी छापेमारी कर रही है। ईडी की टीम बुधवार सुबह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के करीबियों के ठिकानों पर पहुंची है। जानकारी के मुताबिक, 12 जगहों पर रेड चल रही है।
अवैध खनन मामले में सीएम हेमंत सोरेन के मीडिया सलाहकार अभिषेक प्रसाद उर्फ पिंटू पर ईडी ने छापेमारी की। अभिषेक प्रसाद के आवास और साहिबगंज उपायुक्त के आवास समेत 12 ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है। छापेमारी अवैध खनन केस में की जा रही है।
बुधवार की सुबह एक साथ रांची, देवघर, साहिबगंज और कोलकाता में प्रवर्तन निदेशालय ने छापेमारी शुरू की है। साहिबगंज उपायुक्त रामनिवास यादव और देवघर में पूर्व एमएलए पप्पू यादव, रांची में आर्किटेक्ट बिनोद सिंह और ठेकेदार सरावगी के ठिकानों पर ईडी की टीमें पहुंची हैं। वहीं हजारीबाग में डीएसपी राजेंद्र दुबे और कोलकाता में कारोबारी अभय सरावगी के यहां भी रेड की जा रही है।
बतादें कि ईडी की ये कार्रवाई तब सामने आई है जब एक दिन पहले ही सीएम सोरेन ने आखिरी समन का दो टूक जवाब दिया था। सूत्रों के मुताबिक, सूबे में राजनीतिक हालात भी असमंजसपूर्ण बने हुए हैं। इसको लेकर आज महागठबंधन के विधायकों की बैठक भी बुलाई गई है। माना जा रहा है कि किसी भी राजनैतिक संकट से उभरने के लिए मुख्यमंत्री सोरेन अपनी पत्नी कल्पना को सीएम बना सकते हैं।