मोदी 3.0 का पहला बजट...कृषि उत्पादन बढ़ाने और रोजगार स्किल पर जोर
डेस्क। मोदी 3.0 सरकार का पहला आम बजट आज संसद में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पेश कर रही है। वह लगातार सातवीं बात बजट पेश कर रही है। बजट को लेकर शुरुआत से ही आम से लेकर विशेष वर्ग में उत्सुकता थी। आइए, जानते हैं इस बजट की बड़ी बातें क्या-क्या हैं?
वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में कहा कि लोगों को हमारी नीतियों पर भरोसा है। भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत है, देश में महंगाई दर नियंत्रण में है। भारत में महंगाई दर करीब 4 फीसदी है। वैश्विक अर्थव्यवस्था इस समय मुश्किल दौर में है लेकिन भारत की अर्थव्यवस्था चमक रही है।
वित्त मंत्री ने बजट पेश करते हुए कहा कि हमारे बजट में कृषि क्षेत्र में उत्पादन बढ़ाने पर जोर है। हमारा फोकस रोजगार और स्किल पर है। सुधारवादी नीतियों पर जोर है। हमारा लक्ष्य विकसित भारत के लिए रोडमैप बनाने का है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए हमारी पहली प्राथमिकता कृषि में उत्पादकता है. दूसरी प्राथमिकता रोजगार है। तीसरी प्राथमिकता सामाजिक न्याय, चौथी प्राथमिकता विनिर्माण और सेवाएं हैं. पांचवीं प्राथमिकता शहरी विकास है. छठी प्राथमिकता ऊर्जा सुरक्षा है. सातवीं प्राथमिकता इनोवेशन और आठवीं प्राथमिकता रिसर्च एवं विकास और नौंवी प्राथमिकता अगली पीढ़ी के सुधार हैं. आगामी बजटों को इन्हीं प्राथमिकताओं के आधार पर तैयार किया जाएगा।