दिव्य महाराष्ट्र मंडल

प्यास न लगने पर भी नियमित अंतराल में लें पानी, नींबू पानी, या छाछ

 - सियान गुड़ी में पहुंची डा. कमल वर्मा ने बुजुर्गों को दिए स्वास्थ्य टिप्स

- जीवन में ध्यान और योग का महत्व के बारे में बोली मालती मिश्रा

रायपुर। राजधानी रायपुर में पड़ रही भीषण गर्मी में दोपहर 11 बजे के बाद घरों से निकलना लोगों को मुश्किल हो गया है। ऐसे में समता कालोनी स्थित सियान गुड़ी में 21 अप्रैल को पहुंची डा. कमल वर्मा वहां आने वाले बुजुर्गों को हीट स्ट्रोक से बचने के लिए अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने को कहा। उन्होंने कहा कि इस गर्मी में अगर आपको प्यास नहीं भी लग रही है तो भी नियमित समय अंतराम में पानी, नींबू पानी या छाछ का सेवन अवश्य करें। बतादें कि समाज कल्याण विभाग अनुदानित और महाराष्ट्र मंडल द्वारा सियान गुड़ी का संचालन समता कालोनी में किया जा रहा है।  

डा. कलम वर्मा ने बुजुर्ग के सवालों का बेबाकी से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि गर्मी के दिनों में खान-पान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। भोजन में खीरा, ककड़ी, तरबूज जैसे पानी से भरपूर फलों का सेवन बढ़ा देना चाहिए। यदि शरीर का तापमान बहुत ज्यादा (103°F से ऊपर), त्वचा सूखी, तेज नब्ज या भ्रम की स्थिति हो, तो यह हीट स्ट्रोक हो सकता है। ऐसे में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

सियान गुड़ी पहुंची मंडल की वरिष्ठ सदस्या मालती मिश्रा ने सभी बुजुर्गों से अपने रूटीन में ध्यान और योग को महत्व देने को कहा।  उन्होंने सभी से प्रतिदिन सुबह कम से कम एक मिनट का ध्यान करने को कहा। इसके लिए सभी को एक आडियो मैसेज दिया गया। उन्होंने बुजुर्गों को बताया कि पहले आराम से बैठे, आंखें बद करें और शरीर को ढीला छोड़ दें।  फिर अपना सारा ध्यान परमात्मा पर लगाए। और एक-दो मिनट के बाद अपनी आंखें खोले और सकारात्मक सोच के साथ अपने रूटीन काम में लग जाए। शुरू में आपको इसका लाभ समझ में नहीं आएगा, लेकिन अगर आप इसे अपने रूटीन में लाएंगे तो यह आपको काफी रिलैक्स महसूस कराएगा।

मंगलवार को पहली बार सियान गुड़ी पहुंचे योगेश शर्मा ने कहा कि यह आकर उन्हें काफी अच्छा लगा। जिन स्वास्थ्य़ सलाह के लिए लोगों को घंटों लाइन और न जाने कितने पैसे बर्बाद करने पड़ते है, वह सलाह यहां हमें निःशुल्क मिल रही है। यह लोगों के लिए लाभकारी है। इस अवसर पर केके पाठक,  डॉ ओसी बिसेन,  डॉ ओपी सोनी, राजेश शर्मा, राजेंद्र चौहान, लखन लाल साहू, और योगेश सेंगर उपस्थित थे।